दुनिया

बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत की अमेरिका में भी गूंज, डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को दी बधाई

Trump on BJP Bengal Win: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी ऐतिहासिक और निर्णायक चुनावी जीत पर बधाई दी है।

Image

ट्रंप ने दी पीएम मोदी को बधाई

Trump congratulates PM Modi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी ऐतिहासिक और निर्णायक चुनावी जीत पर बधाई दी है। व्हाइट हाउस ने इस जीत को एक बड़ी उपलब्धि बताया है। आईएएनएस के मुताबिक, व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने एजेंसी को बताया कि पिछले महीने ही फोन पर हुई बातचीत में राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी प्रशंसा व्यक्त की थी और कहा था कि भारत भाग्यशाली है कि उन्हें प्रधानमंत्री के नेता के रूप में पाया है। राष्ट्रपति ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी को इस हालिया ऐतिहासिक और निर्णायक चुनावी जीत पर बधाई देते हैं।

ट्रंप का बधाई संदेश भाजपा की बंगाल में जीत के बाद आया, जो पूर्वी भारत का एक अहम राज्य है और देश के चुनावी इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है। पिछले 50 वर्षों में इस राज्य में वामपंथी या मध्यमार्गी विचारधाराओं की ओर झुकाव रखने वाली राजनीतिक पार्टियों का शासन रहा है। 2011 तक 35 वर्षों तक बंगाल में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का शासन रहा। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस ने 15 वर्षों तक शासन किया। अब बीजेपी ने यहां सत्ता पलट दी है।

बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में 207 सीटों पर जीत दर्ज की। इसी के साथ पार्टी ने 200 सीट से अधिक सीट हासिल करने का अपना वह लक्ष्य हासिल कर लिया है, जो उसने पांच साल पहले राज्य में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान तय किया था। पश्चिम बंगाल विधानसभा में सीटों की कुल संख्या 294 है। हालांकि, सोमवार को मतगणना केवल 293 सीट के लिए की गई, क्योंकि निर्वाचन आयोग ने चुनावी अनियमितताओं के आरोपों के चलते एक सीट पर मतदान रद्द कर दिया था।

वहीं, उत्तर 24 परगना जिले की राजारहाट न्यूटाउन सीट पर मतगणना पूरी हो चुकी है, लेकिन इसका परिणाम घोषित किया जाना अभी बाकी है। भाजपा के मुख्य चुनाव रणनीतिकार माने जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की प्रदेश इकाई के लिए 200 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य रखा था। हालांकि, पार्टी को केवल 77 सीट पर ही जीत हासिल हुई।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, ‍इस बार भाजपा उम्मीदवार 206 सीट पर विजयी रहे हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस को 80 सीट से संतोष करना पड़ा है। आयोग के अनुसार, कांग्रेस और हुमायुं कबीर के नेतृत्व वाली आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) को दो-दो सीट पर जीत हासिल हुई है। वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (एआईएसएफ) के खाते में एक-एक सीट गई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article