दुनिया

एक दिन पहले मुस्कुरा कर लूटी थी महफिल... अब फिर PM मोदी और इटली की पीएम मेलोनी ने की मुलाकात; जानें क्या हुई बात

G20 Leaders Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जोहानिसबर्ग में जी20 शिखर सम्मेलन से इतर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। इस मुलाकात का एक वीडियो भी सामने आया है।

Image

इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी से मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो साभार: ANI)

Photo : ANI

G20 Leaders Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जोहानिसबर्ग में जी20 शिखर सम्मेलन से इतर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ मुलाकात की। इस दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस मुलाकात का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें दोनों नेता एक दूसरे से हाथ मिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

हाथों में हाथ और चेहरे पर मुस्कान

बैठक से पहले पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और फिर दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष, रक्षा और सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की। जोहानिसबर्ग में जी20 शिखर सम्मेलन से इतर हुई इस बैठक के दौरान, मोदी और मेलोनी ने आतंकवाद के वित्तपोषण का मुकाबला करने के लिए भारत-इटली संयुक्त पहल को अपनाया, जो आतंकवाद से लड़ने के उनके साझा संकल्प को दोहराता है।

बैठक के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ बहुत सार्थक बैठक हुई। भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है, जिससे हमारे देशों के लोगों को बहुत लाभ हो रहा है।’’ विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दोनों नेताओं की बातचीत व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, एआई, रक्षा एवं सुरक्षा, अंतरिक्ष, अनुसंधान, नवाचार और संस्कृति के क्षेत्रों में संबंधों को गहरा करने पर केंद्रित रही।’’

इससे पहले, पीएम मोदी ने शनिवार को जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की थी जिसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया।

PM मोदी ने रामफोसा से की मुलाकात

इससे पहले, पीएम मोदी ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, खनन, महत्वपूर्ण खनिज, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और खाद्य सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। पीएम मोदी ने रामफोसा से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “जोहानिसबर्ग में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ बहुत शानदार बैठक हुई।”

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article