इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी से मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो साभार: ANI)
G20 Leaders Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी20 शिखर सम्मेलन में शनिवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। इस मुलाकात का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें दोनों नेता एक-दूसरे से गर्मजोशी से मिलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इससे पहले, दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने नासरेक एक्सपो सेंटर में प्रधानमंत्री मोदी का पारंपरिक स्वागत किया। इस दौरान, दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से बातचीत भी की। पीएम मोदी जी20 सम्मेलन में तीन सत्र को संबोधित करेंगे। उनके इस संबोधन पर पूरी दुनिया की नजरें लगी हुई हैं।
यह भी पढ़ें: हाथों में हाथ और चेहरे पर मुस्कान... PM मोदी ने जब ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष अल्बनीज से की मुलाकात; इन मुद्दों पर हुई बात
जी20 नेताओं के सम्मेलन में भाग लेने के लिए जोहानिसबर्ग आए प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उनकी भारतीय मूल के तकनीकी उद्यमियों के साथ उपयोगी बातचीत हुई। उन्होंने ‘फिनटेक’, सोशल मीडिया मंच, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा उपकरण आदि क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों के बारे में बातचीत की।
अफ्रीका में आयोजित पहला जी20 शिखर सम्मेलन दुनिया के सबसे गरीब देशों को प्रभावित करने वाली लंबे समय से जारी कुछ समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के महत्वाकांक्षी एजेंडा के साथ शनिवार को शुरू हुआ। दुनिया की सबसे समृद्ध एवं प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं के नेता और शीर्ष सरकारी अधिकारी दक्षिण अफ्रीका के प्रसिद्ध सोवेटो कस्बे के पास स्थित एक प्रदर्शनी केंद्र में एकत्र हुए, ताकि वे मेजबान देश द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं को लेकर किसी सहमति पर पहुंचने की कोशिश कर सकें।
इन प्राथमिकताओं में बढ़ती वैश्विक असमानता को कम करने के उपायों के तहत जलवायु-संबंधी आपदाओं से उबरने के लिए गरीब देशों को अधिक सहायता देना, उनके विदेशी ऋण बोझ को कम करना, हरित ऊर्जा स्रोतों को अपनाना और अपने महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों का उपयोग करना शामिल है। समूह के लिए दक्षिण अफ्रीका की कई प्राथमिकताओं, विशेषकर जलवायु परिवर्तन एवं विकासशील देशों पर इसके प्रभाव पर ध्यान केंद्रित करने को अमेरिका से प्रतिरोध का सामना करना पड़ा है। अमेरिका ने इस सम्मेलन का बहिष्कार किया है।