पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस पर एक और बड़ा हमला हुआ है। करक जिले के गुरगुरी क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस मोबाइल वैन पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया, जिसमें पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और जिला पुलिस प्रवक्ता शौकत खान ने घटना की पुष्टि की है।
मौके पर चार की मौत
मारे गए पुलिसकर्मियों की पहचान कांस्टेबल शाहिद इकबाल, समीउल्लाह, आरिफ, सफदर और मोहम्मद अबरार के रूप में हुई है। इनमें वाहन चालक भी शामिल था। अधिकारियों के अनुसार, आतंकवादियों ने अचानक फायरिंग करते हुए हमला किया, जिसमें चार पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सर्च ऑपरेशन शुरू
हमले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बलों की बड़ी टुकड़ी पहुंची और इलाके की नाकेबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा साझा की गई तस्वीरों में हमले के बाद पुलिस वाहन बुरी तरह जला हुआ दिखाई दे रहा है।
लगातार हो रहे हमले
घटना पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गहरा दुख व्यक्त किया और शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों की यह ताजा घटना है। हाल के सप्ताहों में इस क्षेत्र में कई हमले हो चुके हैं, जिनमें पुलिसकर्मी अपनी जान गंवा चुके हैं। लगातार बढ़ती इस तरह की घटनाओं ने सुरक्षा चिंताओं को और गहरा कर दिया है।
