राजधानी इस्लामाबाद में सुसाइड बम ब्लास्ट (Pak Media)
Islamabad Suicide Bomb Blast: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बम ब्लास्ट हुआ है। G-11 क्षेत्र में जिला व सत्र न्यायालय भवन के बाहर विस्फोट ने आस पास के इलाके को हिलाकर रख दिया। इस विस्फोट में अब तक 12 लोग मारे गए हैं। दो दर्जन के करीब लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, विस्फोट एक कार में हुआ, जहां देखते ही देखते आग ने तेजी से पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
इस्लामाबाद के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने डॉन अखबार को मृतकों की संख्या की पुष्टि की। वहीं, ARY न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को इस्लामाबाद कचहरी के निकट हुए आत्मघाती बम विस्फोट में कम से कम 12 लोग मारे गए और 21 घायल हो गए।
पुलिस और सुरक्षा बलों का एक बड़ा दल घटनास्थल पर पहुंच गया है, जबकि बचाव दल ने घायलों को अस्पताल (PIMS) पहुंचाया। रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पताल में पहुंचे कई घायलों की हालत गंभीर है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है।
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विस्फोट में आस-पास खड़े वाहनों और मोटरसाइकिलों को भी नुकसान पहुंचा है। अब आग पर काबू पा लिया गया है।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि धमाका इतना जबरदस्त था कि घटनास्थल से सिर सहित शरीर के कुछ अंग बरामद हुए।
रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इस घटना को चेतावनी बताया। उन्होंने कहा, 'हम युद्ध की स्थिति में हैं। जो कोई भी यह सोचता है कि पाकिस्तानी सेना अफगान-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र और बलूचिस्तान के दूरदराज के इलाकों में यह युद्ध लड़ रही है, उसके लिए इस्लामाबाद जिला अदालतों पर आज हुआ आत्मघाती हमला एक चेतावनी है।' उन्होंने आगे कहा, 'इस माहौल में, काबुल के शासकों के साथ सफल बातचीत की कोई उम्मीद करना बेमानी होगा।'
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस घटना को 'आत्मघाती विस्फोट' करार दिया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, विस्फोट खड़ी गाड़ी में लगे गैस सिलेंडर के कारण होने का संदेह है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह विस्फोट इस्लामाबाद जिला अदालत के प्रवेश द्वार के पास व्यस्ततम कार्य समय के दौरान दोपहर लगभग 12.30 बजे हुआ, जिससे अदालत परिसर में मौजूद वकीलों में दहशत फैल गई। विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज छह किलोमीटर दूर तक सुनी गई।