दुनिया

अरब सागर के ऊपर रडार की पहुंच से गायब हुआ बोइंग मालवाहक विमान, खोज के लिए पाकिस्तानी नौसेना, वायु सेना तैनात

Pakistan Navy Search Operation: मालवाहक विमान की खोज का दायरा काफी बढ़ा दिया गया है और पाकिस्तान नौसेना तथा वायु सेना अब खोज क्षेत्र में अतिरिक्त जहाज और विमान तैनात कर रही हैं।

Image

अरब सागर के ऊपर रडार की पहुंच से गायब हुआ बोइंग मालवाहक विमान, खोज के लिए पाकिस्तान नौसेना, वायु सेना तैनात (istock)

Boeing Cargo Plane Karachi: पाकिस्तान ने कराची से लगभग 300 किलोमीटर पश्चिम में अरब सागर के ऊपर रडार की पहुंच से गायब हुए एक बोइंग मालवाहक विमान की खोज के लिए नौसेना और वायु सेना को तैनात किया है। संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची जा रहे के2 एयरवेज के विमान ने नेविगेशन प्रणाली में खराबी की सूचना दी थी और इसके बाद मंगलवार देर शाम रडार से गायब हो गया था। विमान में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे।

पाकिस्तान विमानपत्तन प्राधिकरण (पीएए) के एक बयान के अनुसार, बचाव समन्वय केंद्र को सक्रिय किया गया और लापता विमान का पता लगाने के लिए विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से समुद्र में एक समन्वित खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया।

जियो न्यूज ने बताया कि मालवाहक विमान की खोज का दायरा काफी बढ़ा दिया गया है और पाकिस्तान नौसेना तथा वायु सेना अब खोज क्षेत्र में अतिरिक्त जहाज और विमान तैनात कर रही हैं। सूत्रों ने जियो न्यूज को बताया कि पाकिस्तान की नौसेना ने खोज और बचाव कार्य में शामिल होने के लिए युद्धपोत पीएनएस जुल्फिकार को भेजा है, जबकि पाकिस्तान वायु सेना का साब निगरानी विमान भी इस अभियान में हिस्सा ले रहा है।

नौसेना का एटीआर विमान उड़ान भर चुका

सूत्रों ने कहा कि मदद के लिए तुरबत शहर से नौसेना का एटीआर विमान उड़ान भर चुका है और व्यापक खोज अभियान में शामिल हो गया है, जबकि पीएनएस हुनैन को भी खोज और बचाव अभियान में हिस्सा लेने के लिए प्रभावित क्षेत्र में भेजा गया है।

सूत्रों ने बताया कि नेशनल शिपिंग कॉरपोरेशन द्वारा संचालित व्यावसायिक जहाजों को भी पानी में खोजबीन में मदद के लिए तैनात किया गया है और इस तरह लापता विमान की खोज में सैन्य और असैन्य संसाधनों को एक साथ लगाया जा रहा है।

पीएए के बयान में कहा गया है कि इससे पहले मंगलवार रात, जब के2 एयरवेज की उड़ान संख्या बी737 ने मंगलवार को पाकिस्तान के समयानुसार रात 9.18 बजे नेविगेशन प्रणाली में खराबी की सूचना दी तो कराची एरिया कंट्रोल सेंटर (एसीसी) ने तुरंत उसे निर्देशित किया। बयान में कहा गया, 'हालांकि, रात 9.21 बजे विमान को रडार पर तेजी से नीचे आते और तेजी से दिशा बदलते हुए देखा गया। इसके बाद, कराची से लगभग 155 नॉटिकल मील पश्चिम में रडार से संपर्क और संचार टूट गया।' के2 एयरवेज कराची से संचालित एक निजी विमानन कंपनी है और इसकी स्थापना मई 2018 में की गई थी।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article