Donald Trump: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तीन तेल टैंकरों पर हमले के बाद अमेरिका के सेंट्रल कमांड ने मंगलवार रात ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए। इन हमलों के बाद ईरान और अमेरिका के बीच पीस डील पर जारी बातचीत पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। इस बीच, NATO समिट के लिए तुर्किये पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा है कि 'उनके लिए अब मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग कोई मायने नहीं रखता। वह अब किसी तरह की डील नहीं चाहते। ये गंदे लोग हैं और इन्हें यदि परमाणु हथियार मिल गया तो...ये झूठी बातें करते हैं। मेरी नजरों में अब उनसे बातचीज करना समय की बर्बादी है। ये पागल लोग हैं, मेरे लिए एमओयू खत्म हो चुका है।'
नाटो समिट में ट्रंप ने कहा कि 'हमने बीती रात ईरान पर बहुत भीषण हमले किए। ईरान के ये लोग बहुत खतरनाक हैं। ये बीमार लोग हैं। इनके साथ कुछ गड़बड़ है।' हालांकि ट्रंप ने कहा कि 'सीजफायर खत्म हो गई है लेकिन बातचीत जारी रह सकती है।'
यूएस के लिए एक बड़ी समस्या है ग्रीनलैंड-ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि 'ईरान झूठ बोलने वालों का एक गिरोह है।' ग्रीनलैंड के बारे में ट्रंप ने कहा कि यह यूएस के लिए एक बड़ी समस्या है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि स्पेन के साथ उन्होंने सारे व्यापार समाप्त कर दिए हैं। यहां तक कि कोई यात्रा नहीं होगी। ट्रप ने कहा कि 'इसके बाद स्पेन भागता हुआ आएगा। स्पेन नाटो का एक भयावह साथी है।' ट्रंप ने कहा कि ग्रीनलैंड और ईरान के मुद्दे पर नाटो का जो रुख रहा है, उससे वह खुश नहीं हैं।
इटली, जर्मनी और फ्रांस पर निशाना साधा
इससे पहले ट्रंप ने नाटो के सदस्य देशों खासकर इटली, जर्मनी और फ्रांस पर निशाना साधा। रक्षा पर कम खर्च करने को लेकर भी उन्होंने सदस्य देशों की आलोचना की जबकि तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन की उन्होंने प्रशंसा की। ट्रंप ने कहा कि हम नाटो पर सैकड़ों अरब डॉलर खर्च कर रहे हैं लेकिन जब इनकी जरूरत पड़ी तो ये हमारी मदद करने के लिए नहीं आए लेकिन इन्हें जब भी हमारी जरूरत पड़ी, तो हम इनके लिए खड़े रहे।
तुर्किये के F-35 बेचने पर करेंगे विचार
रिपोर्टों के मुताबिक ट्रंप ने आगे कहा कि 'हमारे अनुरोध को इटली, जर्मनी और फ्रांस ने ठुकरा दिया। ट्रंप का इशारा ईरान-अमेरिका, इजराइल युद्ध की तरफ था। ट्रंप ने कहा कि 'ईरान में हमने कुछ किया इसलिए हमारे साथ अच्छा बर्ताव नहीं हुआ।' वहीं, यूएस और तुर्किये के रिश्ते की तारीफ करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह अंकारा पर लगे प्रतिबंध हटाएंगे और उसे एफ-35 के बेचे जाने पर विचार करेंगे। ट्रंप ने कहा कि तुर्किये के साथ उनके बहुत अच्छे रिश्ते हैं।
