दुनिया

अब नेपाल बॉर्डर पर घंटों इंतजार करना खत्म, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से होगी गाड़ियों की एंट्री प्रक्रिया तेज, भारतीय पर्यटकों के लिए राहत

भारत से नेपाल यात्रा करने वालों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है, जहां सीमा पार करने की प्रक्रिया को अब पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया गया है। नेपाल सरकार ने सड़क मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए नई डिजिटल व्यवस्था लागू की है, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इस नई पहल के तहत अब बॉर्डर पर लंबी कतारों में लगने और एंट्री पास बनवाने की झंझट खत्म हो जाएगी।

Image

नेपाल सरकार का बड़ा फैसला

India to Nepal Travel Online Registration System: भारत से नेपाल की यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक सुकून देने वाली खबर सामने आई है। नेपाल सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सड़क मार्ग से यात्रा को और सरल बनाने की दिशा में कदम उठाया है। काठमांडू के मेयर बालेन शाह के नेतृत्व में लागू किए गए नए प्रावधान के तहत अब नेपाल सीमा में प्रवेश करने वाले वाहनों की प्रक्रिया को आसान कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों को बॉर्डर पर लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जिससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और तेज हो जाएगी।

अब घंटों तक लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं

नेपाल सरकार के नए नियम के अनुसार अब सीमा पार करने के लिए वाहन चालकों को घंटों तक लाइन में खड़े होकर एंट्री पास बनवाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। अब भारत से अपने प्राइवेट वाहनों के साथ नेपाल जाने वाले लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले ने बुधवार, 6 मई को इस नई डिजिटल सेवा की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य नेपाल आने वाले पर्यटकों की यात्रा को अधिक सुगम, तेज और सुविधाजनक बनाना है।

पास का नवीनीकरण रिन्यूअल आसानी से

किसी भी देश में यात्रा करने की एक निर्धारित अवधि होती है, जो वहां की सरकार द्वारा तय की जाती है। इसी तरह नेपाल में भी अब नए नियमों के तहत यदि किसी वाहन की यात्रा अवधि समाप्त हो जाती है, तो उसके लिए कस्टम कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। नई ऑनलाइन सुविधा के जरिए वाहन मालिक अपने पास का नवीनीकरण (रिन्यूअल) आसानी से कर सकेंगे। कस्टम विभाग के महानिदेशक श्याम प्रसाद भंडारी ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया को अब डिजिटल और पारदर्शी बना दिया गया है। इस सेवा का लाभ लेने के लिए नेपाल कस्टम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।

कैसा करना होगा रजिस्ट्रेशन?

अब अगर रजिस्ट्रेशन की बात करें तो सबसे पहले नेपाल कस्टम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://nnsw.gov.np/tiv/gen पर जाएं। इसके बाद ‘हमारी सेवाएं’ सेक्शन को खोलें और TIV (अस्थायी वाहन आयात) विकल्प का चयन करें। यहां आपको आवश्यक सभी जानकारियां भरनी होंगी। जानकारी भरने के बाद एक क्यूआर कोड जनरेट होगा, जिसकी मदद से आप रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर सकते हैं। भारत से नेपाल प्रवेश के समय यही क्यूआर कोड दिखाना होगा, जिससे बिना लंबी कतारों में लगे आसानी से बॉर्डर पर एंट्री मिल जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article