दुनिया

नेपाल: पशुपतिनाथ मंदिर में सोना गायब होने की खबर, तोला गया 'जलहरी' का वजन

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 26, 2023, 06:24 PM IST

जलहरी से 10 किलोग्राम सोना गायब होने की रिपोर्ट की जांच करने के लिए सरकार द्वारा अधिकार का दुरुपयोग की जांच करने वाले आयोग को निर्देश दिए जाने के बाद रविवार को मंदिर भक्तों के लिए बंद कर दिया गया था।

Image

Nepal

Photo : ANI

Pashupatinath Temple: नव स्थापित आभूषण के निर्माण में अनियमितताओं के बढ़ते दावों के बीच नेपाल के शीर्ष भ्रष्टाचार निरोधक निकाय ने पशुपतिनाथ मंदिर के भीतर 'जलहरी' में गायब सोने की जांच शुरू कर दी है। मीडिया में आई एक खबर में सोमवार को यह जानकारी दी गई। जलहरी वह नींव है जिस पर शिवलिंग स्थापित किया जाता है। काठमांडू के सबसे पुराने हिंदू मंदिर पशुपतिनाथ मंदिर के आंतरिक गर्भगृह में यह है। जलहरी से 10 किलोग्राम सोना गायब होने की रिपोर्ट की जांच करने के लिए सरकार द्वारा अधिकार का दुरुपयोग की जांच करने वाले आयोग (सीआईएए) को निर्देश दिए जाने के बाद रविवार को मंदिर भक्तों के लिए बंद कर दिया गया था।

सीआईएए की एक विशेष टीम ने सफलतापूर्वक सोने का वजन किया। तौल प्रक्रिया रविवार शाम छह बजे शुरू हुई और सोमवार तड़के दो बजे समाप्त हुई। माई रिपब्लिका वेबसाइट ने एक आधिकारिक सूत्र को उद्धृत करते हुए कहा कि जलहरी को तौलने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, और जलहरी की खंडित संरचना को ध्यान में रखते हुए, हम वर्तमान में इसका कुल वजन निर्धारित करने के लिए अंतिम मूल्यांकन कर रहे हैं।

सूत्र ने जहां संकेत दिया कि प्रारंभिक माप से जलहरी के वजन में कमी का पता चला है लेकिन वजन में कमी की सटीक सीमा की पुष्टि नहीं की गई है। खबर में सूत्र के हवाले से कहा गया है, अंतिम मूल्यांकन पूरा होने के बाद ही हम आगे की जानकारी दे सकते हैं। खबर में कहा गया कि मरम्मत के बाद जलहरी को पशुपतिनाथ मंदिर में फिर से स्थापित किया जाएगा। सीआईएए की जांच जलहरी के आसपास अनियमितताओं को लेकर की गई एक शिकायत के बाद हुई।

पशुपति क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने दावा किया कि उसने जलहरी बनाने के लिए 103 किलोग्राम सोना खरीदा था लेकिन आभूषण से 10 किलोग्राम सोना गायब था। जांच प्रक्रिया के लिए पशुपति मंदिर परिसर में नेपाल सेना के जवानों सहित कई सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। (भाषा)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article