दुनिया

Nepal Flash Flood: तिब्बत की तरफ टूटा एक और बांध; रेस्क्यू का काम रुका; लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का अलर्ट

Nepal Flash Flood: नेपाल में बाढ़ का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। नेपाल पुलिस ने तिब्बत की ओर पानी रोकने वाली झील/बांध के फिर टूटने की सूचना के बाद अलर्ट जारी किया है। लोगों और राहत-बचाव कर्मियों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है। इस आपदा में अब तक कम से कम 359 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।

Image

नेपाल में तिब्बत की ओर स्थित जल बांध फिर से टूट गया है। PTI

Photo : PTI

Nepal Flash Flood: नेपाल में भीषण बाढ़ और तबाही के बीच एक बार फिर खतरे की घंटी बज रही है। नेपाल पुलिस ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि तिब्बत की ओर पानी रोकने वाला बांध/झील फिर से टूटने की सूचना मिली है। नुवाकोट जिले में एक बार फिर बड़े सैलाब का खतरा मंडरा रहा है। इसके बाद सुरक्षा बलों, राहत एवं बचाव कार्य में जुटे कर्मियों और आम लोगों से तत्काल सतर्क रहने की अपील की गई है।

रसुवा में तैनात पुलिस वरिष्ठ अधीक्षक दीप शमशेर जबरा ने बताया कि बांध फटने की सूचना मिलते ही आपदा क्षेत्र में तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों, बचाव दल और स्थानीय लोगों को राहत कार्य तुरंत रोकने के निर्देश दिए गए हैं। सभी टीमों को तुरंत अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को कहा गया है।

रसुवा जिला प्रशासन कार्यालय के सहायक मुख्य जिला अधिकारी और सूचना अधिकारी द्रुबा प्रसाद अधिकारी ने बताया कि चीनी अधिकारियों ने संदेश के जरिए नेपाली प्रशासन को इस संबंध में जानकारी दी है। अधिकारी ने कहा, “चीन से सूचना मिली है कि एक झील फट गई हो सकती है। नेपाली पक्ष से अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।”

'सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे लोग'

नेपाल पुलिस ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और आसपास के लोगों को भी इसकी सूचना देने को कहा है। यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। रिपोर्टों के मुताबिक, तिब्बत की ओर बनी एक झील के ओवरफ्लो होने से दोबारा बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। अधिकारियों ने नदी किनारे और निचले इलाकों में मौजूद लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

नेपाल पुलिस ने एक आधिकारिक सार्वजनिक चेतावनी जारी करते हुए बताया कि चीन के जिरोंग सीमा पार ऊपरी इलाके में बनी प्राकृतिक झील का पानी छलकने और बांध टूटने के कारण भीषण जलप्रवाह नीचे की ओर बढ़ रहा है। इससे नेपाल के निचले नदी तटीय क्षेत्रों में जलप्रलय की गंभीर आशंका बन गई है।

बता दें कि इस आपदा में अब तक कम से कम 359 लोगों की जान जा चुकी है। इस बीच, मुंबई से 23 अगस्त को नेपाल के रास्ते कैलाश मानसरोवर दर्शन के लिए गए महाराष्ट्र के ठाणे जिले के 9 पर्यटकों से संपर्क टूटने की खबर से हड़कंप मच गया है। दूसरी ओर, नेपाल में राष्ट्रीय राजमार्गों और मुख्य सड़कों के क्षतिग्रस्त होने के कारण दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने 'भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा' (दिल्ली-काठमांडू अंतरराष्ट्रीय बस सेवा) की उड़ानों को एहतियातन रोक दिया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article