दुनिया

जब चांद के पीछे ढलती दिखी धरती…अंतरिक्ष से आई अद्भुत तस्वीर, 50 साल बाद दिखा ऐसा नजारा!

NASA Artemis II: नासा के आर्टेमिस II मिशन ने चंद्रमा से पृथ्वी की एक दुर्लभ “अर्थसेट” तस्वीर कैद की है, जो करीब 50 साल बाद सामने आई है। यह तस्वीर 1968 के मशहूर “अर्थराइज” की याद दिलाती है।

Image

NASA की नई फोटो ने जीता लोगों का दिल (Photo: X/@NASAArtemis)

NASA Artemis II: हाल ही में नासा ने एक ऐसी तस्वीर जारी की है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यह तस्वीर चंद्रमा के क्षितिज (वह काल्पनिक रेखा, जहां चंद्रमा की सतह और उसके ऊपर का अंतरिक्ष (आकाश) आपस में मिलते हुए प्रतीत होते हैं) से नीचे जाती हुई पृथ्वी को दिखाती है। इस अनोखे दृश्य को “अर्थसेट” नाम (Earthset Image)दिया गया है। खास बात यह है कि इस तरह का नजारा करीब पांच दशक बाद देखने को मिला है। यह तस्वीर आर्टेमिस II मिशन के दौरान ओरियन कैप्सूल में सवार अंतरिक्ष यात्रियों ने खींची।

मशहूर “अर्थराइज” फोटो से हो रही तुलना

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इस मिशन में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री रीड वाइसमैन, क्रिस्टीना कोच और विक्टर ग्लोवर के साथ कनाडा के जेरेमी हैंनसेन शामिल हैं। ये सभी चंद्रमा (Moon Mission 2026) के चारों ओर उड़ान भर रहे हैं, ताकि भविष्य में होने वाली मानव लैंडिंग की तैयारी की जा सके। इस तस्वीर की तुलना 1968 में अपोलो 8 मिशन (Apollo 8 Earthrise) के दौरान ली गई मशहूर “अर्थराइज” फोटो से की जा रही है। उस समय अंतरिक्ष यात्री बिल एंडर्स ने पृथ्वी को चंद्रमा के ऊपर उगते हुए कैद किया था। वह तस्वीर इतिहास की सबसे प्रसिद्ध तस्वीरों में से एक बन गई थी और उसने पूरी दुनिया को एक नए नजरिए से सोचने पर मजबूर किया था।

अंतरिक्ष से देखा सूर्य ग्रहण का नजारा

नई “अर्थसेट” तस्वीर भी उतनी ही खास मानी जा रही है। इसमें पृथ्वी को चंद्रमा के पीछे ढलते हुए देखा जा सकता है। यह दृश्य हमें याद दिलाता है कि हमारी पृथ्वी अंतरिक्ष में कितनी सुंदर और नाजुक है। आर्टेमिस II मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों ने एक और दुर्लभ घटना भी देखी। उन्होंने अंतरिक्ष से सूर्य ग्रहण का नजारा देखा, जब चंद्रमा सूर्य के सामने से गुजरा। यह दृश्य बहुत कम लोगों को देखने का मौका मिलता है, इसलिए इसे बेहद खास माना जा रहा है।

नासा का आर्टेमिस कार्यक्रम भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसका लक्ष्य 1972 के बाद पहली बार इंसानों को फिर से चंद्रमा पर भेजना है। इसके साथ ही, यह कार्यक्रम चंद्रमा पर लंबे समय तक मानव उपस्थिति बनाने और आगे चलकर मंगल ग्रह पर मिशन भेजने की तैयारी भी कर रहा है। कुल मिलाकर अगर कहें तो “अर्थसेट” जैसी तस्वीरें न सिर्फ वैज्ञानिक उपलब्धि हैं, बल्कि यह हमें हमारी पृथ्वी की खूबसूरती और उसकी अहमियत का एहसास भी कराती हैं।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!