दुनिया

Cannes 2026: ‘मिस वेनेजुएला 2025’ के साथ किसने की हैवानियत? होटल के कमरे में आखिर क्या हुआ

Miss Venezuela 2025: कान्स फिल्म फेस्टिवल के दौरान ‘मिस वेनेजुएला 2025’ एंड्रिया डेल वैल पर उनके सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट जियोवानी लागुना द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। होटल के कमरे में हुई बहस हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें एंड्रिया के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उनका चेहरा खून से सना दिखाई दिया। पुलिस ने मौके से स्टाइलिस्ट को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।

Image

'मिस वेनेजुएला 2025' की विजेता एंड्रिया डेल वैल (Andrea del Val) पर जानलेवा हमला। Andrea del Val insta handle

Miss Venezuela 2025: फ्रांस में चल रहे कान्स फिल्म फेस्टिवल (Cannes Film Festival) के बीच एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है। 'मिस वेनेजुएला 2025' की विजेता एंड्रिया डेल वैल (Andrea del Val) पर उनके ही सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट जियोवानी लागुना द्वारा कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया है। इस हमले के बाद 29 वर्षीय ब्यूटी क्वीन ने सोशल मीडिया पर एक बेहद परेशान करने वाला वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनका पूरा चेहरा खून से सना हुआ नजर आ रहा है।

होटल के कमरे में हुआ झगड़ा

अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह पूरी घटना कान्स के एक होटल के कमरे के अंदर हुई। वीडियो में देखा जा सकता है कि पूरा कमरा पूरी तरह से तहस-नहस हो चुका है, सारा सामान और फर्नीचर फर्श पर बिखरा पड़ा है। एंड्रिया डेल वैल ने रोते और कांपते हुए स्पैनिश भाषा में अपने स्टाइलिस्ट लागुना को कैमरे पर दिखाते हुए कहा, "देखो, जियोवानी लागुना ने मेरे साथ यह किया है। बधाई हो जियोवानी, मैं यही चाहती थी कि तुम सबको दिखाओ कि तुम असल में क्या हो।"

कैंची से हमले का आरोप

खबरों के मुताबिक, दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि 33 वर्षीय सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट लागुना ने एंड्रिया पर कैंची से हमला किया, जिससे उनके चेहरे पर गहरी चोटें आईं।

स्टाइलिस्ट गिरफ्तार

होटल के बाकी कमरों में ठहरे मेहमानों ने जब चिल्लाने और मारपीट की आवाजें सुनीं, तो तुरंत होटल मैनेजमेंट और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची फ्रांसीसी पुलिस ने सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट जियोवानी लागुना को घटना स्थल से ही हिरासत में ले लिया।

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

वीडियो के इंटरनेट पर तेजी से वायरल होने के बाद दुनिया भर के सोशल मीडिया यूजर्स इस पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि स्टाइलिस्ट ने जानबूझकर एंड्रिया के चेहरे को निशाना बनाया ताकि उनकी खूबसूरती को नुकसान पहुंचाया जा सके।

जियोवानी लागुना कौन है? लागुना लैटिन अमेरिकी फैशन और ब्यूटी पेजेंट की दुनिया का एक जाना-माना नाम है। वह साल 2023 से 'मिस यूनिवर्स कोलंबिया' के क्रिएटिव डायरेक्टर के रूप में भी काम कर रहा है और कई बड़े सेलिब्रिटीज का स्टाइलिस्ट रह चुका है।

घटना के तुरंत बाद एंड्रिया डेल वैल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मेडिकल ट्रीटमेंट दिया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वह रिकवर कर रही हैं। फ्रांसीसी अधिकारियों ने लागुना को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक औपचारिक रूप से चार्जशीट दायर होने की पुष्टि नहीं की गई है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article