Israel Lebanon Conflict: दक्षिणी लेबनान में हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला शुक्रवार को सामने आया, जब इजराइली हवाई हमलों में 10 लोगों की मौत हो गई। इजरायल-हिजबुल्ला युद्ध में अमेरिका की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम के बावजूद दोनों पक्षों के बीच लगभग रोजाना हमले जारी हैं।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पहला हमला हनौइयेह गांव पर हुआ, जिसमें हिजबुल्ला से जुड़ी 'इस्लामिक हेल्थ एसोसिएशन' के लिए काम कर रहे चार कर्मी मारे गए और एक चिकित्साकर्मी समेत दो अन्य लोग घायल हो गए। शुक्रवार सुबह तटीय ताइरे प्रांत के देइर कनौन अल नहर गांव पर हुए एक अन्य हमले में छह लोगों की मौत हो गई।
मंत्रालय के अनुसार, मृतकों में एक सीरियाई बच्ची और अल-रिसाला स्काउट्स एसोसिएशन के दो पैरामेडिक शामिल हैं। यह संगठन हिजबुल्ला के सहयोगी 'अमल मूवमेंट' से संबद्ध है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि ये दोनों हमले अंतरराष्ट्रीय कानून का "उल्लंघन" हैं।
स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों पर अबतक कितने हमले हुए
गुरुवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा था कि इजरायल-हिजबुल्ला युद्ध शुरू होने के बाद से लेबनान में स्वास्थ्यकर्मियों और स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों पर 169 हमलों की पुष्टि हुई है, जिनमें 116 लोग मारे गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली सेना ने इस मामले पर टिप्पणी करने के अनुरोध का जवाब नहीं दिया। हालांकि, वह पहले बिना कोई सबूत पेश किए ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह पर एंबुलेंस का इस्तेमाल उग्रवादी गतिविधियों की आड़ के रूप में करने का आरोप लगा चुकी है। अमेरिका की मध्यस्थता में हुए युद्धविराम के बावजूद इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच हमले जारी हैं।
हिजबुल्लाह ने दागे थे रॉकेट
सनद रहे कि इजरायल-हिज्बुल्लाह के बीच ताजा युद्ध 2 मार्च को शुरू हुआ था। इससे दो दिन पहले अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले शुरू किए थे, जिसके बाद हिज्बुल्लाह ने उत्तरी इजरायल पर रॉकेट दागे थे।
