Maldives: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लक्षद्वीप यात्रा का मजाक उड़ाना मालदीव के नेताओं को भारी पड़ रहा है। इन नेताओं की अब अपने ही देश में आलोचना शुरू हो गई है। मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने मंत्रियों द्वारा पीएम मोदी के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि मंत्री मरियम शिउना द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा घटिया थी। इसके साथ ही उन्होंने मालदीव सरकार से इसके खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।
पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, मालदीव सरकार की अधिकारी मरियम शिउना ने एक प्रमुख सहयोगी के नेता के खिलाफ कितनी भयावह भाषा बोली है। उन्होंने कहा, भारत मालदीव की सुरक्षा और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण सहयोगी है। मोहम्मद मुइज्जू सरकार को इन टिप्पणियों से खुद को दूर रखना चाहिए और भारत को स्पष्ट आश्वासन देना चाहिए कि इस तरह के बया सरकार की भारत को लेकर नीतियों को प्रभावित नहीं करते हैं।
लक्षद्वीप यात्रा के बाद उड़ाया था मजाक
बता दें, हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने लक्षद्वीप की यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने मालदीव की कुछ तस्वीरें और एक वीडियो भी साझा किया था। मलादीव की युवा अधिकारिता उप मंत्री मरियम शिउना ने एक्स पर की गई पोस्ट पर प्रधानमंत्री मोदी के लिए कठपुतली और विदूषक कहा था। हालांकि, जब यह पोस्ट वायरल हो गया और इस पर बहस शुरू हो गई तो उन्होंने इसे डिलीट कर दिया। शिउना के अलावा एक अन्य मंत्री जाहिर रमीज ने भी पीएम मोदी की लक्षदीप यात्रा का मजाक उड़ाया था।
नेशनल पार्टी ने भी की आलोचना
प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के बाद माहदीव नेशनल पार्टी ने भी अपनी सरकार के मंत्रियों के बयानों की आलोचना की है। एक पोस्ट में पार्टी ने कहा है कि एक सरकारी अधिकारी द्वारा विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के खिलाफ की गई नस्लवादी और अपमानजनक टिप्पणियों की मालदीव नेशनल पार्टी निंदा करती है, यह अस्वीकार्य है। पार्टी ने मालदीव सरकार से इसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
