West Asia Conflict: पश्चिम एशिया में संघर्ष अपने चरम पर है। कुवैत ने पिछले 24 घंटे में 3 क्रूज मिसाइलों और 15 ड्रोनों को वायु रक्षा प्रणाली की बदौलत निष्क्रिय किया है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि ईरानी आक्रामकता के परिणामस्वरूप कुवैत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के एक ईंधन टैंक को निशाना बनाया गया, जिसे विशेष टीमों ने संभाल लिया।
रिहायशी इलाके में गिरा मलबा
उन्होंने बताया कि हमले के मलबे का कुछ हिस्सा एक रिहायशी इलाके में जा गिरा। हालांकि, इसमें किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि लैंड फोर्स इंजीनियरिंग कॉर्प्स की एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल (EOD) टीम ने गृह मंत्रालय के सहयोग से घटनास्थल पर मौजूद एक सैन्य वस्तु को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
बहरीन ने 419 ड्रोन किए तबाह
इस बीच, बहरीन ने बताया कि पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने के बाद से उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने 186 बैलिस्टिक मिसाइलों और 419 ड्रोनों को तबाह किया है। बहरीन रक्षा बल (BDF) की जनरल कमांड ने इस बात पर ज़ोर दिया कि नागरिक क्षेत्रों और निजी संपत्ति को निशाना बनाने के लिए बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का घोर उल्लंघन है। उन्होंने आगे कहा कि ये अंधाधुंध हमले क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए सीधा खतरा हैं।
UAE में एक भारतीय नागरिक घायल
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में वायु रक्षा प्रणाली द्वारा बुधवार को मार गिराये गये एक ड्रोन के छर्रों से एक भारतीय नागरिक घायल हो गया। सरकारी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम के अनुसार, यह घटना उम अल कैवेन के उम अल थुओब औद्योगिक क्षेत्र के पास हुई। उम अल कैवेन सरकारी मीडिया कार्यालय ने अमीरात के संबंधित अधिकारियों द्वारा उम अल थुओब औद्योगिक क्षेत्र में एक सुविधा के पास हुई घटना पर कार्रवाई किये जाने की पुष्टि की। यह घटना वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराये जाने के बाद गिरे छर्रों के कारण हुई थी। एजेंसी ने कार्यालय के हवाले से बताया गया, "इस घटना में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया।"
