दुनिया

Wagner Group: जो पुतिन के खास थे वो हुए विद्रोही, जानें- वेगनर लड़ाकों ने क्यों खोला मोर्चा

  • Authored by: ललित राय
  • Updated Jun 24, 2023, 08:52 AM IST

Wagner Group: यूक्रेन के साथ लड़ाई में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रेगुलर आर्मी के साथ साथ भाड़े के सैनिकों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।

Image

यूक्रेन के खिलाफ लड़ाई में वैगनर लड़ाके भी हैं शामिल

Wagner Group: यूक्रेन के खिलाफ रूस पूरी ताकत से लड़ रहा है, यह बात अलग है कि एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी व्लादिमीर पुतिन जिस कामयाबी की उम्मीद कर रहे थे हासिल नहीं हुई है। यूक्रेन के खिलाफ मोर्चे पर रूस की सेना के साथ साथ वेगनर लड़ाके (Yevgeny Prigozhin chief wagner fighters) भी हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि वो पुतिन(Vladimir Putin)की कार्यशैली से नाराज हैं और विद्रोही भूमिका में है। इसकी वजह से पुतिन की सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता की गई है। वेगनर समूह की धमकी के बाद रूस में महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। समाचार एजेंसी TASS ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि शनिवार तड़के मध्य मॉस्को में सैन्य वाहन देखे गए। यूक्रेन के(Russia Ukraine war) खिलाफ लड़ाई में वेगनर लड़ाकों को भेजा गया था। लेकिन इनका आरोप है कि रूसी सेना उन्हें निशाना बना रही है।

पुतिन के खिलाफ हो गए वेगनर !

वैगनर भाड़े के समूह के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने रूसी सेना पर घातक मिसाइल हमलों के जरिए अपनी सेना को निशाना बनाने का आरोप लगाया था। इन हमलों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने की कसम खाई थी। बता दें कि रूस ने सशस्त्र विद्रोह के उकसाने के लिए वेगनर लड़ाकों के खिलाफ पराधिक जांच शुरू करने का ऐलान किया है। येवगिनी प्रिगोझिन ने रूसियों से उनकी सेना में शामिल होने की अपील करते हुए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को सबक सिखाने की अपील की थी।

रूस के रक्षा मंत्री पर वेगनर का गंभीर आरोप

प्रिगोझिन का कहना है कि रूसी सेना की कार्रवाई में उसके 2000 लड़ाके मारे गए हैं और वो बदला जरूर लेंगे। यूक्रेन के खिलाफ लड़ाई में वेगनर लड़ाकों की खास भूमिका है। लेकिन हाल के दिनों में रूसी सेना और इनके बीच सामंजस्य में कमी देखी गई जिसका असर लड़ाई पर भी पड़ा। प्रिगोझिन लगातार रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू(sergei shoigu) और सेनाध्यक्ष वालरेव गेरासीमोव(Valrev Gerasimov) को युद्धभूमि में अपने लड़ाकों की मौत के लिए जिम्मेदार मानते हैं। लेकिन रूसी सरकार इस तरह के आरोपों से इनकार कर रही है।

'बगावत नहीं, न्याय के लिए लड़ाई'

प्रिगोझीन कहते हैं कि उनके लड़ाके बगावत नहीं कर रहे हैं। लेकिन जिस तरह से उनकी सेना को निशाना बनाया गया उसे वो स्वीकार नहीं करते हैं। कई ऑडियो मैसेज में उन्होंने बदला लेने की बात कही। वैगनक कमांडर ने फैसला किया है जो लोग इस तरह के कृत्य के लिए जिम्मेदार हैं उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। जो कोई भी रास्ते में आएगा उसे हम अपने खिलाफ मानेंगे और उसे नष्ट कर देंगे। इस तरह की स्खिति को खत्म करने की जरूरत है। हमारा फैसला बगावत नहीं है बल्कि न्याय की लड़ाई है।

ललित राय
ललित राय author

खबरों को सटीक, तार्किक और विश्लेषण के अंदाज में पेश करना पेशा है। पिछले 10 वर्षों से डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव है।और देखें

End of Article