Israel Airstrike on Lebanon: इजरायल इन दिनों दो मोर्चे पर युद्ध लड़ रहा है। एक तरफ ईरान पर भीषण हमले कर रहा है तो दूसरी ओर लेबनान को भी निशाना बना रहा है। दक्षिणी लेबनान के टायर (Tyre) शहर के अल-शहाबिया जिले पर इजरायली बमबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
अबतक कितने लोगों की हुई मौत?
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला एक रिहायशी इलाके में हुआ, जिससे भारी नुकसान हुआ है। यह ताजा हमला उस बड़े सैन्य अभियान का हिस्सा है, जो 2 मार्च को हिज्बुल्लाब के सीमापार हमले के बाद शुरू हुआ था। इस दौरान, इजरायली कार्रवाई में अबतक 1,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 10 लाख लोग विस्थापित हो गए।
कहर बनकर टूट रहे इजरायली विमान
बकौल रिपोर्ट, इजरायली लड़ाकू विमान लगातार लेबनान के कई इलाकों पर भीषण बमबारी कर रहे हैं। हमले खियाम और नबातियेह से लेकर टायर के पास स्थित चेहाबियेह तक फैल गए हैं। इन हवाई हमलों के साथ-साथ इजरायल ने सीमावर्ती गांवों में जमीनी अभियान भी तेज कर दिया है। खासकर खियाम शहर में इजरायली सेना की मौजूदगी बनी हुई है। हालांकि, अभी तक उसे पूरी तरह नियंत्रण नहीं मिला है।
हिज्बुल्लाह ने भी हमले किए तेज
वहीं, हिज्बुल्लाह भी जवाबी हमले कर रहा है। हिज्बुल्लाह का दावा है कि उसने पिछले 24 घंटे में 63 ऑपरेशन किए हैं, जो एक दिन में अबतक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इन हमलों में रॉकेट, ड्रोन और तोपखाने का इस्तेमाल किया गया, जिनका निशाना सीमा के पास मौजूद इजरायली सैनिक थे।
इस बीच, रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि संघर्ष के दौरान नागरिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंच रहा है। इजरायली हमलों में कई अहम पुलों और सड़कों को निशाना बनाया गया है, जिससे दक्षिणी लेबनान के कई इलाके अलग-थलग पड़ गए हैं। हाल ही में एक और पुल को निशाना बनाया गया, जो पहले भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो चुका था।
