LIVE

Israel Hamas War Updates: हमास पर अब होगा ग्राउंड से हमला, चीन में इजरायल के राजनयिक पर जानलेवा हमला

आलोक कुमार रावUpdated Oct 14, 2023, 15:28 IST
Follow on Google News
Israel Hamas War Live Updates

Israel Hamas War Updates: हमास पर अब होगा ग्राउंड से हमला, चीन में इजरायल के राजनयिक पर जानलेवा हमला

Israel Hamas War Updates : आतंकवादी संगठन हमास के हमलों के बाद इजरायल उस पर लगातार हवाई हमले कर रहा है। गत सात अक्टूबर को इजरायल के अलग-अलग इलाकों में हमलों में अब तक करीब 1300 इजरायली नागरिकों की मौत हो चुकी है जबकि इजरायल के हवाई हमलों में गाजा में 1500 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की बात कही गई है। दोनों पक्षों से करीब 2800 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। अमेरिका के बाद अब ब्रिटेन ने भी इजरायल को सैन्य मदद भेजी है। हमास की ज्यादती एवं वहशीपन दिखाने के लिए इजरायल ने मारे गए बच्चों का रेखाचित्र जारी किया है। खबर यह भी है कि इजरायल गाजा सिटी में जमीनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। उसने गाजा सीमा पर अपने और सैनिक भेजे हैं।

OCT 14, 2023 00:07 IST

इजराइल-हमास संघर्ष का वैश्विक आपूर्ति पर फिलहाल असर नहीं: वाणिज्य सचिव

वाणिज्य मंत्रालय का मानना है कि मौजूदा इजराइल-हमास संघर्ष के कारण वैश्विक आपूर्ति पर ज्यादा प्रभाव नहीं दिख रहा है। हालांकि अगर संघर्ष बढ़ता है, तो हालात बदल सकते हैं। वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने यहां संवाददाताओं से यह बात कही। उन्होंने कहा, ''इसलिए हम इंतजार कर रहे हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। हम इसके अनुसार ही सुधारात्मक उपाय करेंगे।''
OCT 13, 2023 22:51 IST

गाजा पट्टी में की छोटे स्तर पर छापेमारी : इजराइली सेना

इजराइली सेना ने कहा है कि पहली बार उसके पैदल सैनिकों ने गाजा पट्टी के भीतर घुसकर छापेमारी की। इजराइली सेना ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि उसके सैनिक हमास के आतंकवादियों से लड़ने, उनके हथियारों को नष्ट करने और हमास द्वारा रखे गए लापता बंधकों के बारे में सबूत खोजने के लिए गाजा में दाखिल हुए थे।
OCT 13, 2023 20:51 IST

इजरायल से वापस आए पांच केरलवासी अपने घर लौटे

भारत सरकार के 'ऑपरेशन अजय' के तहत संघर्षग्रस्त इजरायल से निकाले जाने वाले पहले जत्थे में शामिल पांच केरलवासी शुक्रवार को अपने घर लौट आए। इजरायल से दिल्ली तक की उनकी यात्रा निःशुल्क थी, केरल के विभिन्न हवाई अड्डों के लिए उड़ान भरने वालों को टिकट खरीदना पड़ा।
OCT 13, 2023 19:51 IST

फलस्तीनी लोगों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए हैदराबाद में प्रदर्शन

इजराइल-हमास संघर्ष के बीच युवाओं के एक समूह ने शुक्रवार को यहां फलस्तीनी लोगों के अधिकारों के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी युवाओं ने बैनर ले रखे थे जिन पर लिखा था 'फलस्तीन के साथ एकजुटता'। उन्होंने 'गाजा कभी खत्म नहीं होगा' , 'फलस्तीन जिंदाबाद' और 'फलस्तीन को आजाद करो' जैसे नारे भी लगाए।
OCT 13, 2023 18:22 IST

सुरक्षा आंशकाओं के बीच लंदन स्थित यहूदी स्कूल बंद

लंदन में कई यहूदी स्कूलों ने अभिभावकों को सूचित किया है कि यहूदी समुदाय की सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से अतिरिक्त सहायता की घोषणा के बाद सुरक्षा के कारण ये स्कूल शुक्रवार को बंद रहेंगे। उत्तरी लंदन के बार्नेट क्षेत्र में स्थित मेनोरा हाई स्कूल, टोरा वोडास प्राइमरी स्कूल और एटेरेस बीस याकोव ने बृहस्पतिवार को अभिभावकों को पत्र भेजा। ऐसा माना जाता है कि चौथा स्कूल भी बंद रहेगा क्योंकि उन लोगों को परिसर के आसपास इजराइल विरोधी प्रदर्शन होने का डर है।
OCT 13, 2023 18:03 IST

इजराइली सेना ने दस लाख लोगों को गाजा क्षेत्र खाली करने का निर्देश दिया

इजराइल की सेना ने गाजा सिटी में रहने वाले करीब 10 लाख लोगों को वहां से चले जाने का शुक्रवार को निर्देश दिया। इस निर्देश के बाद क्षेत्र में इजराइल की ओर से जमीनी कार्रवाई किए जाने की आशंका तेज हो गई है। संयुक्त राष्ट्र ने आगाह किया है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जान बचा कर भागना घातक साबित हो सकता है, वहीं हमास ने इजराइली सेना के इस निर्देश को खारिज कर दिया और लोगों से अपने घरों में रहने को कहा है।
OCT 13, 2023 16:48 IST

गाजा के लोग भोजन, दवा और बुनियादी सेवाओं से महरूम

अंतरराष्ट्रीय सहायता समूह चेतावनी दे रहे हैं कि वे गाजा पट्टी में लोगों को भोजन और अन्य बुनियादी सेवाएं नहीं दे पा रहे हैं और एक "गंभीर" मानवीय संकट बदतर होने जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय सहायता समूह गाजा में लगभग 63 प्रतिशत लोगों को भोजन और सहायता के अन्य साधन प्रदान करते हैं। इज़राइल ने 10 अक्टूबर, 2023 को गाजा के 23 लाख निवासियों को भोजन, ईंधन और अन्य आपूर्ति की अनुमति देना बंद कर दिया और कथित तौर पर जमीनी आक्रमण की तैयारी कर रहा है।
OCT 13, 2023 16:34 IST

पश्चिम बंगाल सरकार इजराइल से आने वालों को हरसंभव मदद मुहैया करा रही है: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य के उन लोगों को मदद मुहैया करा रही है, जो युद्धग्रस्त इजराइल से घर लौट रहे हैं। बनर्जी ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में मुख्य सचिव एच के द्विवेदी और दिल्ली में स्थानिक आयुक्त उज्जैनी दत्ता को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इजराइल से आने वालों के ठहरने और परिवहन से संबंधित खर्च उनकी सरकार वहन करेगी। बनर्जी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘‘भारतीय/बंगाली युद्धग्रस्त इजराइल से आ रहे हैं। मैंने अपने मुख्य सचिव और दिल्ली में स्थानिक आयुक्त से वापस आने वालों को नि:शुल्क हर संभव सरकारी सहायता देने के लिए कहा है।’’
OCT 13, 2023 15:01 IST

चीन में इजरायल के राजनयिक पर जानलेवा हमला

चीन में इजरायल के एक राजनयिक पर जानलेवा हमला हुआ है। इसे एक आतंकवादी हमले के रूप में देखा जा रहा है। इजरायली मीडिया ने यह जानकारी दी है। राजनयिक पर हमला चाकू से हुआ और जख्मी हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। राजनयिक की हालत स्थिर बताई गई है। हमास के ठिकानों पर हवाई हमलों के बाद इजरायल ने जमीनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
OCT 13, 2023 14:33 IST

Israel Hamas War Live Updates : 'सायरन की आवाज से टूटी नींद, शिविरों में गुजारा वक्त'

घर लौटने की खुशी और बीते कुछ दिनों से आंखों के सामने से गुजरे डरावने मंजर से सहमे करीब 200 भारतीयों का पहला जत्था एक चार्टर्ड विमान से शुक्रवार को तड़के यहां दिल्ली पहुंच गया। वापस लौटे कुछ भारतीयों के कान में अभी भी हवाई हमले से सतर्क करने वाले सायरन, रॉकेट दागने की आवाजें और चीख-पुकार गूंज रही है। दक्षिणी इजरायल में शनिवार को सुबह हमास द्वारा अचानक किए गए ताबड़तोड़ हमलों से इजरायल दहल उठा था। इजरायल में कम से कम 1200 लोगों की मौत और 2100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इजरायल और हमास के बीच इस संघर्ष को पिछले 50 वर्षों में सबसे घातक माना जा रहा है। इजरायल में 2019 से रह रहे शोधकर्ता शाश्वत सिंह अपनी पत्नी के साथ दिल्ली पहुंचे।
OCT 13, 2023 14:04 IST

बमबारी में 13 बंधकों की मौत : हमास ने कहा

हमास ने कहा कि गाजा पट्टी पर इजराइल की ओर से की गई भारी बमबारी में 13 बंधकों की मौत हो गई जिनमें विदेशी भी शामिल हैं। हमास की सैन्य शाखा ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि पिछले 24 घंटों में विभिन्न स्थानों पर 13 लोगों की जान गई है। जो विदेशी मारे गए वह किस देश के थे, इस बारे में पता नहीं चल पाया है। इस बारे में इजराइल की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है।
OCT 13, 2023 13:22 IST

हमास पर अब जमीनी कार्रवाई, गर्जना करते गाजा की तरफ बढ़े इजरायल के टैंक

हमास के ठिकानों हवाई हमलों के बाद इजरायल ने जमीनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गाजा के नागरिकों को शहर छोड़ने की अपील करने के बाद इजरायल ने अपने टैंकों को रवाना कर दिया है। अत्याधुनिक हथियारों से लैस आईडीएफ के टैंक जमीनी कार्रवाई करने के लिए गाजा की तरफ बढ़ रहे हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास को बहुत बड़ी कीमत चुकाने की चेतावनी पहले ही दे चुके हैं। रिपोर्टों के मुताबिक इजरायल ने गाजा की ओर 100 टैंक्स रवाना किए हैं।
OCT 13, 2023 12:35 IST

Israel Hamas War Live Updates : इजरायल का फरमान-गाजा छोड़ सुरक्षित जगहों पर जाएं लोग

हमास के खिलाफ इजरायल का अभियान और तेज होने जा रहा है। इजरायल डिफेंस फोर्स ने बयान जारी कर गाजा के सभी नागरिकों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा है। इजरायल ने लोगों को वाडी गाजा की तरफ जाने के लिए सुझाव दिया है। इजरायल का दावा है कि हमास के आतंकवादी लोगों के घरों के नीचे बनाई गई सुरंगों में छिपे हुए हैं और निर्धोष लोगों का इस्तेमाल मानव ढाल के रूप में कर रहे हैं। आईडीएफ का कहना है कि वह आने वाले दिनों में अपनी कार्रवाई और तेज करेगा।
OCT 13, 2023 11:32 IST

यूक्रेन का दावा-हमास को ट्रेनिंग दे रहा वैगनर ग्रुप

इजरायल-हमास युद्ध पर यूक्रेन ने बड़ा दावा किया है। यूक्रेन का कहना है कि हमास के लड़ाकों को रूस में ट्रेनिंग दी जा रही है। यह ट्रेनिंग कोई और नहीं बल्कि वैगनर ग्रुप दे रहा है। बता दें कि कुछ दिनों पहले वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन की हवाई हादसे में मौत हो गई। वैगनर ग्रुप रूसी सेना के साथ मिलकर लड़ता है।
OCT 13, 2023 11:17 IST

Israel Hamas War Live Updates : किसी तरह की मदद नहीं पहुंचने देंगे-इजरायल

इजरायल का कहना है कि जब तक उसके सभी बंधक छोड़ नहीं दिए जाते तब तक वह किसी तरह की मानवीय मदद गाजा तक नहीं पहुंचने देगा। रिपोर्टों के मुताबिक इजरायल के ऊर्जा मंत्री इजरेल काट्ज ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'जब तक बंधकों की रिहाई नहीं हो जाती तब तक बिजली के स्वीच ऑन नहीं होंगे, पानी के टैब नहीं खोले जाएंगे और सामग्री लेकर कोई भी ट्रक वहां नहीं जाएगा।' हालांकि, इजरायल की इन पाबंदियों को संयुक्त राष्ट्र ने निंदी की है। यूएन ने कहा है कि यह 'सामूहिक सजा' और युद्ध अपराध है।
OCT 13, 2023 11:16 IST

Israel Hamas War Live Updates : अब तक 2800 लोगों के मारे जाने की खबर

गत शनिवार के हमले के बाद इजरायल गाजा में हमास के ठिकानों को निशाना बनाकर लगातार बमबारी कर रहा है। रिपोर्टों में कहा गया है कि हवाई हमलों के बाद इजरायल गाजा में जमीनी हमले की तैयारी कर रहा है।
OCT 13, 2023 11:16 IST

इजरायल से वापस लौटा भारतीयों का पहला जत्था

इजरायल से छात्रों सहित करीब 200 भारतीयों का पहला जत्था एक चार्टर्ड विमान से शुक्रवार को तड़के दिल्ली पहुंच गया। हमास आतंकवादियों द्वारा पिछले शनिवार को इजराइल पर ताबड़तोड़ हमले किए जाने और फिर इजराइल की जवाबी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था, जिसके परिणामस्वरूप स्वदेश वापसी के इच्छुक लोगों को वापस लाने के लिए भारत ने ऑपरेशन अजय शुरू किया।
OCT 13, 2023 11:16 IST

11 लाख लोगों को निकलने का आदेश दिया : संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने बताया कि इजरायल की सेना ने उत्तरी गाजा के 11 लाख लोगों को 24 घंटे के भीतर वहां से चले जाने का शुक्रवार को निर्देश दिया है। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि इस आदेश से ‘विनाशकारी मानवीय परिणाम’ सामने आने का खतरा है। यह आदेश ऐसे वक्त आया है जब इजरायल ने हमास के खिलाफ अपनी जवाबी कार्रवाई तेज की है। इस आदेश का निहितार्थ यह हो सकता है कि जमीनी हमले तेज किए जा सकते हैं, हालांकि इजरायल की सेना ने इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है। बृहस्पतिवार को सेना ने कहा था कि वह जमीनी हमले की तैयारी कर रहा है लेकिन इस संबंध में फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
OCT 13, 2023 11:16 IST

Israel Hamas War Live Updates : लड़ाई में हिज्बुल्ला भी कूद सकता है

इस बीच अमेरिका को डर सता रहा है कि अगर हिज्‍बुल्‍ला इस संघर्ष में कूदता है तो इजरायल की उत्‍तरी सीमा पर दूसरा मोर्चो खुल सकता है। हिज्‍बुल्‍ला को भी ईरान से समर्थन मिलता है और वह बहुत घातक हथियारों से लैस है। इजरायली व‍िदेश मंत्री मोहम्‍मद शिया ने कहा, 'कुछ देशों के अधिकारियों ने हमसे संपर्क किया है।