Israel Iran Conflict: इजरायल ने अली लारिजानी के बाद ईरान के खुफिया मामलों के मंत्री इस्माइल खतीब को मार गिराने का दावा किया। इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज (Israel Katz) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अली लारीजानी के बाद खतीब की मौत
काट्ज ने इस कार्रवाई की घोषणा करते हुए कहा कि आज सभी मोर्चों पर बड़ी घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। हालांकि, उन्होंने इसका विस्तृत विवरण नहीं दिया। खतीब की मौत से पहले इजराइल ने शीर्ष ईरानी सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी और अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के बासिज बल के प्रमुख को मार गिराया है।
तेहरान स्ट्राइक में खतीब की मौत
इजरायली वायु सेना ने तेहरान में की गई एयर स्ट्राइक में इस्माइल खतीब को मारने का दावा किया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इजरायली डिफेंस फोर्स की खुफिया जानकारी के आधार पर वायु सेना ने यह स्ट्राइक की।
खतीब को साल 2021 में अली खामेनेई ने ईरान के खुफिया मामलों का मंत्री नियुक्त किया था। पद पर रहते हुए खतीब ने मिनिस्ट्री ऑफ इंटेलिजेंस का नेतृत्व किया, जो तेहरान की मुख्य खुफिया एजेंसी है।
इस एजेंसी को जासूसी, निगरानी और खुफिया ऑपरेशन चलाने में महारत हासिल थी और यह दुनियाभर में खासकर इजरायल के खिलाफ ऑपरेशन्स को अंजाम देती रही है। बताया जा रहा है कि हाल के विरोध प्रदर्शनों के दौरान खतीब की अहम भूमिका थी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कार्रवाई में विशेष योगदान दिया था। इसके अलावा, खतीब पर दुनियाभर में इजरायली और अमेरिकी ठिकानों के खिलाफ गतिविधियां चलाने का आरोप है।
बासिज बल के प्रमुख सुलेमानी की भी हुई मौत
इससे पहले, ईरान की न्यायपालिका की समाचार एजेंसी 'मिजान' ने रिवोल्यूशनरी गार्ड के स्वयंसेवी बासिज बल के प्रमुख जनरल गुलाम रजा सुलेमानी की मौत की पुष्टि की थी। इससे पहले दिन में इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा था कि सुलेमानी और ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी को "कल रात मार दिया गया।"
हालांकि, ईरान ने लारीजानी के मारे जाने की न तो पुष्टि की है और न ही खंडन किया है। लारीजानी को देश के सबसे ताकतवर नेताओं में से एक माना जाता था।
