Iran Threatens To Attack West Asia Energy Plants: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को खोले जाने का अल्टीमेटम का समय नजदीक आने के साथ ही ईरान के तेवर सख्त होते जा रहे हैं। ईरान ने सोमवार को पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बिजली आपूर्ति करने वाले बिजली संयंत्रों पर हमले की धमकी दी। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड का नया बयान खाड़ी अरब देशों पर अपने हमलों को सही ठहराने का तेहरान का एक और कदम है। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने सोमवार सुबह इस बयान को प्रसारित किया।
अरब देशों के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले की धमकी
बयान में कहा गया है, हमने यह घोषणा की है कि अगर बिजली संयंत्रों पर हमला किया जाता है, तो ईरान जवाबी कार्रवाई करते हुए कब्जा करने वाले शासन के बिजली संयंत्रों और उन क्षेत्रीय देशों के बिजली संयंत्रों को निशाना बनाएगा जो अमेरिकी ठिकानों को बिजली की आपूर्ति करते हैं। साथ ही उन आर्थिक, औद्योगिक और ऊर्जा ढांचों को भी निशाना बनाएगा जिनमें अमेरिकियों की हिस्सेदारी है। बयान में इजरायल को “कब्जा करने वाला शासन” बताया गया है।
इसमें आगे कहा गया- इस बात में कोई संदेह न करें कि हम ऐसा करेंगे। रविवार तड़के ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान 48 घंटों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को मुक्त नहीं करता है तो अमेरिका ईरानी बिजली संयंत्रों को निशाना बनाएगा। इसके जवाब में ईरान ने कहा था कि अगर ऐसा हुआ तो वह भी अमेरिका और उसके सहयोगियों के ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाएगा और होर्मुज को हमेशा के लिए बंद कर देगा।
ईरान की धमकी- हमला हुआ तो होर्मुज को कर देंगे पूरी तरह बंद
इससे पहले रविवार को ईरान ने नई चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अगर अमेरिका ने पावर प्लांट्स पर हमला किया तो होर्मुज को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। साथ ही इजरायल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों से जुड़े ऊर्जा ढांचे को 'वैध लक्ष्य' बताया गया है। ईरान के सरकारी मीडिया प्रेस टीवी के हवाले से खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फघारी ने कहा, होर्मुज अभी महज दुश्मनों के लिए बंद है, लेकिन अगर अमेरिकी राष्ट्रपति अपनी धमकी पर अमल करते हैं तो इसे पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
ईरान ने कहा, होर्मुज में सुरक्षित आवाजाही जारी
खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ईरान की सर्वोच्च ऑपरेशनल कमान इकाई है, जो सेना और आईआरजीसी के बीच समन्वय करती है। जुल्फघारी ने कहा, अमेरिकी राष्ट्रपति लगातार आक्रामक रवैया अपना रहे हैं और दुनिया को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। हमने कई बार कहा है कि होर्मुज केवल दुश्मनों और नुकसान पहुंचाने वाले यातायात के लिए बंद है, अभी इसे पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। यह हमारी निगरानी में है और सुरक्षित आवाजाही नियमों के तहत जारी है। उन्होंने चेतावनी दी, 'अगर हमारे पावर प्लांट्स पर हमला होता है तो होर्मुज पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और तब तक नहीं खोला जाएगा जब तक हमारे नष्ट हुए पावर प्लांट्स का पुनर्निर्माण नहीं हो जाता।
