Indian Student Attacked In Australia: ऑस्ट्रेलिया में एक भारतीय पर नस्लवादी हमले का मामला सामने आया है। मध्य एडिलेड में एक हिंसक हमले के बाद एक भारतीय छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसकी जांच संभावित रूप से नस्लीय हमले के रूप में की जा रही है। इस घटना ने भारतीय समुदाय में आक्रोश पैदा कर दिया है और अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए बेहतर सुरक्षा उपायों की मांग फिर से शुरू हो गई है।
अपनी पत्नी के साथ था चरणप्रीत
23 वर्षीय चरणप्रीत सिंह शनिवार शाम (19 जुलाई) को किंटोर एवेन्यू के पास अपनी पत्नी के साथ था, जब कथित तौर पर पांच लोगों के एक समूह ने उस पर घात लगाकर हमला किया। ऑस्ट्रेलिया टुडे के अनुसार, दंपति ने रात करीब 9:22 बजे शहर के लाइट डिस्प्ले देखने के लिए अपनी कार पार्क की ही थी कि हमलावर एक अन्य वाहन से निकले। प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि कुछ लोग चरणप्रीत पर लोहे की नुकीली चीज से हमला कर रहे हैं।
अस्पताल के बिस्तर पर 9News से बात करते हुए सिंह ने बताया कि झगड़ा कार पार्किंग विवाद को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन बाद में यह नस्लीय हमले में बदल गया। उन्होंने याद करते हुए कहा, हमलावरों ने कहा, 'भाड़ में जाओ, और उसके बाद उन्होंने मुक्का मारना शुरू कर दिया। चरणप्रीत के चेहरे पर फ्रैक्चर आया है, और उन्हें रात भर के इलाज के लिए रॉयल एडिलेड अस्पताल ले जाया गया। इस हमले ने स्थानीय भारतीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है, और कई लोगों ने ऑनलाइन चरणजीत के साथ एकजुटता जताई है।
दक्षिण ऑस्ट्रेलिया पुलिस ने पुष्टि की कि उन्हें रात 9:30 बजे से कुछ पहले किंटोर एवेन्यू बुलाया गया था और उन्होंने पीड़ित को चेहरे पर चोटों के साथ पाया। एक पुलिस प्रवक्ता ने द इंडियन सन को बताया, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जांच जारी है। एनफील्ड के एक 20 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उस पर हमला करके नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। अन्य संदिग्ध अभी भी फरार हैं। अधिकारी इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और गवाहों से आगे आने का आग्रह किया है।
