दुनिया

India-Jordan: भारत-जॉर्डन संबंधों को नई मजबूती, पीएम मोदी ने कहा-'विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग का सार्थक विस्तार हुआ'

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को शाह अब्दुल्ला द्वितीय के निमंत्रण पर दो दिवसीय यात्रा पर जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी की चार दिवसीय तीन देशों की यात्रा का पहला पड़ाव जॉर्डन है।

Image

प्रधानमंत्री मोदी की चार दिवसीय तीन देशों की यात्रा का पहला पड़ाव जॉर्डन है

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को जॉर्डन की अपनी यात्रा के ठोस नतीजों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, जल प्रबंधन, संस्कृति और डिजिटल नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग का 'सार्थक विस्तार' हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को शाह अब्दुल्ला द्वितीय के निमंत्रण पर दो दिवसीय यात्रा पर जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी की चार दिवसीय तीन देशों की यात्रा का पहला पड़ाव जॉर्डन है। इसके बाद वह इथियोपिया और ओमान भी जाएंगे।

भारत और जॉर्डन ने सोमवार को द्विपक्षीय संबंधों और मित्रता को बड़ा प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से संस्कृति, नवीकरणीय ऊर्जा, जल प्रबंधन, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना तथा पेट्रा और एलोरा के बीच ‘ट्विनिंग’ (जुड़वां) व्यवस्था के क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।मंगलवार को सोशल मीडिया पर किए गए कई पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये उपलब्धियां भारत-जॉर्डन साझेदारी के 'सार्थक विस्तार' को दर्शाती हैं।

'स्वच्छ विकास,ऊर्जा सुरक्षा जिम्मेदारी के प्रति साझा प्रतिबद्धता' को प्रतिबिंबित करता है

उन्होंने कहा कि नयी और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग 'स्वच्छ विकास, ऊर्जा सुरक्षा और जलवायु जिम्मेदारी के प्रति साझा प्रतिबद्धता' को प्रतिबिंबित करता है।प्रधानमंत्री ने कहा कि जल संसाधन प्रबंधन और विकास में सहयोग से दोनों देश संरक्षण, दक्षता और तकनीक से जुड़ी सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को साझा कर सकेंगे, जिससे दीर्घकालिक जल सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

2025-2029 के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम

सांस्कृतिक सहयोग पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रा और एलोरा के बीच ट्विनिंग समझौता 'विरासत संरक्षण, पर्यटन और शैक्षणिक आदान-प्रदान के नए अवसर' खोलेगा।उन्होंने यह भी कहा कि 2025-2029 के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के नवीनीकरण से दोनों देशों के लोगों के बीच परस्पर संबंध और मजबूत होंगे।

'कट्टरपंथ उन्मूलन' के क्षेत्र में शाह अब्दुल्ला के नेतृत्वकारी प्रयासों की सराहना की

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के डिजिटल नवाचारों को जॉर्डन के साथ साझा करने से वहां के डिजिटल परिवर्तन को समर्थन मिलेगा और समावेशी शासन को बढ़ावा मिलेगा।मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में विदेश मंत्रालय में सचिव (दक्षिण) नीना मल्होत्रा ने बताया कि शाह अब्दुल्ला द्वितीय ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक में आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के लिए मजबूत समर्थन व्यक्त किया और आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा की।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘‘कट्टरपंथ उन्मूलन’’ के क्षेत्र में शाह अब्दुल्ला के नेतृत्वकारी प्रयासों की सराहना की।

प्रधानमंत्री की जॉर्डन की पहली पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा

मोदी की जॉर्डन यात्रा भारत और अरब देश के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है। यह प्रधानमंत्री की जॉर्डन की पहली पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा है। इससे पहले, फरवरी 2018 में वह फलस्तीन जाते समय जॉर्डन से होकर गुजरे थे।भारत और जॉर्डन के बीच मजबूत आर्थिक संबंध हैं, जिसमें नयी दिल्ली अम्मान का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार का मूल्य 2.8 अरब अमेरिकी डॉलर है। जॉर्डन भारत को उर्वरकों, विशेष रूप से फॉस्फेट और पोटाश का प्रमुख आपूर्तिकर्ता भी है। इस अरब देश में 17,500 से अधिक लोगों का एक सशक्त भारतीय समुदाय भी रहता है, जो वस्त्र, निर्माण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में कार्यरत है।

जॉर्डन के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में इथियोपिया जाएंगे।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article