Jaffar Express Hijacking BLA Video: पाकिस्तान में बलूच विद्रोहियों ने पाक सरकार की नाक में दम कर रखा है। खुद को आजाद घोषित कर दिया है। एक के बाद एक पाकिस्तान सेना पर हमले कर रहे हैं। हाल ही में बलूच लिबरेशन आर्मी ने जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया था, जिसमें कई सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। अब बीएलए ने वीडियो जारी कर बताया है कि कैसे उसने जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक किया था, किस तरह की उसकी तैयारी थी?
क्यों बीएलए ने जारी किया वीडियो
दरअसल जाफर एक्सप्रेस हाईजैक केस के बाद पाकिस्तान सेना ने बीएलए पर कई आरोप लगाए थे, जिसमें उसने कहा था कि बीएलए ने महिलाओं और बच्चों को मारा है। जिसके बाद अब बलूच लिबरेशन आर्मी ने जाफर एक्सप्रेस हाईजैक की पूरी डिटेल देने के लिए एक लंबा वीडियो जारी किया है, ताकि पाकिस्तानी सेना के इस दावे का खंडन किया जा सके कि समूह ने महिलाओं और बच्चों पर अंधाधुंध हमले किए थे। आधिकारिक बयान के अनुसार, इस हमले में 31 सैनिक और नागरिक मारे गए थे, वहीं बीएलए का दावा है कि 214 पाक सैनिक मारे गए थे।
'ऑपरेशन दर्रा-ए-बोलन 2.0'
जारी किया गया वीडियो इस बात का पहला विस्तृत विवरण है कि किस तरह से इस हमले की योजना बनाई गई और इसे समूह द्वारा अंजाम दिया गया, जिसका नाम 'ऑपरेशन दर्रा-ए-बोलन 2.0' था। वीडियो में एक बीएलए लड़ाका हमले की प्रेरणा बताते हुए कहता है- "हमारा संघर्ष और युद्ध ऐसे बिंदु पर आ गया है जहां हमें ऐसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने हैं। हमारे युवा ऐसे कदम उठाने के लिए तैयार हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि ऐसे निर्णयों के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचा है। बंदूक को रोकने के लिए बंदूक की जरूरत होती है।"
वीडियो में क्या-क्या
इस वीडियो में हथियारबंद लोगों को "फ़िदायीन प्रशिक्षण", अंतिम युद्ध संबंधी ब्रीफ़िंग और कैसे उन्होंने "अंतर्राष्ट्रीय युद्ध के मानकों का पालन करते हुए" हमले को अंजाम देना है, इसकी ट्रेनिंग देते हुए दिखाया गया है। समूह ने दावा किया कि उसने केवल पाकिस्तानी सैन्य कर्मियों को बंधक बनाया था। महिलाओं और बच्चों सहित नागरिकों को उसने रिहा कर दिया था।
जाफर एक्सप्रेस को कैसे किया गया हाईजैक
फुटेज में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ बीएलए की व्यवस्थित हमले की तैयारियों के बारे में बताया गया है। जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कैसे करना है, बंधकों को कैसे काबू में करना है और पाक सेना की जवाबी कार्रवाई का कैसे मुकाबला करना है, इसकी पूरी ट्रेनिंग बीएलए के वरिष्ठ कमांडरों ने लड़ाकों को दी थी।

ट्रेन हाईजैकिंग की ट्रेनिंग
बलूचों का आजादी का दावा
यह वीडियो ऐसे समय समाने आई है, जब कुछ दिनों पहले ही बलूच कार्यकर्ता मीर यार बलूच सहित अन्य बलूच नेताओं ने पाकिस्तान से बलूचिस्तान की आजादी की घोषणा कर दी है। मीर ने कहा- "हमने अपनी आजादी का दावा किया है और हम भारत से अनुरोध करते हैं कि वह दिल्ली में बलूचिस्तान के आधिकारिक कार्यालय और दूतावास को अनुमति दे।" इस घोषणा के बाद, पाकिस्तानी अधिकारियों ने बलूचिस्तान में व्यापक अभियान शुरू कर दिया, जिससे कई क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
