दुनिया

डेमोक्रेटिक पार्टी की आधिकारिक उम्मीदवार बनीं कमला हैरिस, रनिंग मेट के लिए किसे चुनेगीं, रेस में अभी हैं कई नाम

US Presidential Election 2024 : चुनाव में अभी सबकी नजरें हैरिस पर टिकी हैं। चुनाव के लिए वह अपना साथी यानी रनिंग मेट किसे चुनती हैं, इसे हर कोई जानना चाहता है। अभी भी रेस में कई नाम हैं। कमला अपने रनिंग मेट के लिए जोश शापिरो, टिम वाल्ज, मार्क केली, एंडी बेशियर और पेटी बुटीगेग में से किसी एक को चुन सकती हैं।

Image

नवंबर महीने में होगा राष्ट्रपति पद का चुनाव।

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • नवंबर महीने में होगा अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव, चुनाव जोरों पर
  • डेमोक्रेट कमला हैरिस का मुकाबला रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप से होगा
  • चुनाव जीतने पर अमेरिका की पहली अश्वेत महिला राष्ट्रपति होगी कमला

US Presidential Election 2024 : अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने मंगलवार को डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की आधिकारिक उम्मीदवारी हासिल कर ली। इसी के साथ वह देश की एक बड़ी राजनीतिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति चुनाव का टिकट पाने वाली पहली भारतीय-अफ्रीकी महिला बन गई हैं। हैरिस (59) का नवंबर में होने वाले आम चुनाव में पूर्व राष्ट्रपति तथा रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रंप से मुकाबला होगा। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव दिलचस्प हो गया है।

अपना रनिंग मेट किसे चुनेंगी कमला

चुनाव में अभी सबकी नजरें हैरिस पर टिकी हैं। चुनाव के लिए वह अपना साथी यानी रनिंग मेट किसे चुनती हैं, इसे हर कोई जानना चाहता है। अभी भी रेस में कई नाम हैं। कमला अपने रनिंग मेट के लिए जोश शापिरो, टिम वाल्ज, मार्क केली, एंडी बेशियर और पेटी बुटीगेग में से किसी एक को चुन सकती हैं। रिपोर्टों की मानें तो इसमें सबसे आगे नाम पेन्सिलवेनिया के गवर्नर जोश शापिरो का चल रहा है।

शापिरो की रेटिंग बहुत ज्यादा

रिपोर्टों के मुताबिक 2022 में चुने जाने के बाद से ही शापिरो की रेटिंग बहुत ज्यादा है। वह हैरिस को पेन्सिलवेनिया जीतने में मदद कर सकते हैं। जानकारों का कहना है कि व्हाइट हाउस की रेस में बने रहने के लिए इस राज्य में जीत दर्ज करना बहुत जरूरी होता है। अगर नवंबर में होने वाले चुनाव को शापिरो जीत जाते हैं तो उप राष्ट्रपति बनने वाले वे पहले यहूदी उप राष्ट्रपति होंगे। शापिरो के बाद टिम वाल्ज ऐसा नाम है जिस पर कमला भरोसा जता सकती हैं।

ये नाम भी रेस में

जेडी वांस और डोनाल्ड ट्रंप को 'वीयर्ड' कहकर चर्चा में आए टिम 12 साल कांग्रेस में अपनी सेवा दे चुके हैं। इसके बाद वह 2019 में मिनोसेटा के गवर्नर बने। जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद मिनेसोटा में टिम ने अभियान का नेतृत्व किया था। इनके अलावा अरिजोना के सीनेटर मार्क केली, केंटुकी के गवर्नर एंडी बेशियर और परिवहन मंत्री पेटी बुटीगेग का नाम भी रेस में है।

4,567 डेलीगेट ने हैरिस के लिए वोट डाला

डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन के डेलीगेट के पांच दिवसीय ऑनलाइन मतदान के बाद हैरिस की उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा की गई। पार्टी ने मध्यरात्रि से पहले जारी किए एक बयान में कहा कि 99 फीसदी डेलीगेट ने हैरिस के पक्ष में मतदान किया। देशभर के 4,567 डेलीगेट ने हैरिस के लिए वोट डाला। हैरिस अब अपना नामांकन आधिकारिक रूप से स्वीकार करेंगी।
Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article