Israel Hamas War: एक तरफ इजराइली सेना गाजा के खिलाफ जमीनी हमले के लिए तैयारी कर रही है, वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने रुख में बदलाव किया है। उन्होंने हमास शासित क्षेत्र पर फिर से कब्जा करने के खिलाफ इजरायल को आगाह किया है। अब तक इजराइल के अपनी रक्षा के अधिकार के लिए बाइडन का अटूट समर्थन मिला है। गाजा में इजराइल की जवाबी कार्रवाई की आलोचना करने से इनकार करने के बाद अब अमेरिका ने गाजा पर कब्जे के प्रति आगाह किया।
मरने वालों की संख्या 4,000 से अधिक
इजराइल-हमास युद्ध में हताहतों की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखी गई है। सोमवार को मरने वालों की संख्या 4,000 से अधिक हो गई। इजराइल में अधिकारियों ने कहा कि हमास के हमलों में 1,400 से अधिक लोग मारे गए हैं, जबकि गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इजराइल की जवाबी कार्रवाई में 2,670 फिलिस्तीनियों की मौत हुई है। इजराइली मिसाइल आग और गोलाबारी में 9,600 घायल हुए हैं।
बाइडन ने इजराइल को किया आगाह
सीबीएस न्यूज के साथ एक साक्षात्कार में अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने गाजा पट्टी पर पूर्ण पैमाने पर कब्जे के खिलाफ इजराइल को आगाह किया। बाइडन ने कहा, मुझे लगता है कि यह एक बड़ी गलती होगी। देखिए, गाजा में जो हुआ मेरे विचार में वह हमास है और हमास के चरमपंथी सभी फिलिस्तीनी लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। मुझे लगता है कि इजराइल के लिए गाजा पर फिर से कब्जा करना एक गलती होगी। हालांकि, उन्होंने गाजा में चरमपंथियों को बाहर निकालने की जरूरत बताई। बाइडन ने कहा कि मुझे विश्वास है कि इजराइल युद्ध के नियमों के तहत काम करने जा रहा है।
1400 इजराइलियों की मौत
बता दें कि इजराइल पर हमास के हमले में 1,400 से अधिक लोगों की जान चली गई है। इसमें कम से कम 30 अमेरिकी भी शामिल हैं। यह हमला 7 अक्टूबर, 2023 को हुआ था। इस हमले के दौरान हमास आतंकियों ने करीब 150 महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भी अगवा कर लिया था। इजराइली सैनिक गाजा में घुसकर इन्हें छुड़ाने की रणनीति बना रहे हैं।
