दुनिया

पाकिस्तान में राजकपूर, दिलीप कुमार की इमारतों के जीर्णोद्धार और संरक्षण के लिए राशि मंजूर

बैठक में विश्व बैंक के एक कार्यक्रम के तहत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में विरासत संरक्षण और पर्यटन संवर्धन के लिए प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।राजकपूर और दिलीप कुमार की ऐतिहासिक इमारतें, जिन्हें पाकिस्तान सरकार पहले ही राष्ट्रीय धरोहर घोषित कर चुकी है, जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं।

Image

भारतीय सिनेमा जगत के दिग्गज दिलीप कुमार और राजकपूर (फाइल फोटो: PTI)

पाकिस्तान की खैबर पख्तूनख्वा प्रांतीय सरकार ने भारतीय सिनेमा जगत के दिग्गजों दिलीप कुमार और राजकपूर से जुड़ी ऐतिहासिक इमारतों के जीर्णोद्धार और संरक्षण के लिए बुधवार को 3.38 करोड़ रुपये मंजूर किए।प्रांत के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर और पर्यटन एवं पुरातत्व सलाहकार जाहिद खान शिनवारी की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में इस आवंटन को मंजूरी दी गई।

खैबर पख्तूनख्वा पुरातत्व विभाग ने दोनों इमारतों को दोनों अभिनेताओं के जीवन और करियर को समर्पित संग्रहालयों में परिवर्तित करने की योजना बनाई है।पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने 13 जुलाई 2014 को इन इमारतों को राष्ट्रीय धरोहर स्थल घोषित किया था।पुरातत्व विभाग के निदेशक डॉ. अब्दुस समद ने बताया कि सरकार इन इमारतों का अधिग्रहण करके इसे एक संग्रहालय में बदलना चाहती है, जिसमें दिलीप कुमार और राज कपूर की पेशावर से मुंबई तक की यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।

घोषणा का उद्देश्य ऐतिहासिक इमारत का सांस्कृतिक स्थल के रूप में संरक्षण सुनिश्चित करना है। बैठक में स्वीकृत अन्य विरासत संरक्षण और पर्यटन संवर्धन परियोजनाओं में प्रांत के विभिन्न संग्रहालयों और पुरातात्विक स्थलों का उन्नयन शामिल है।समद ने कहा कि इन परियोजनाओं का प्राथमिक लक्ष्य प्रांत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करते हुए विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा, "इस पहल से न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रोज़गार के नए अवसर भी पैदा होंगे।"

मुख्यमंत्री गंडापुर ने कहा, "खैबर पख्तूनख्वा की सांस्कृतिक विरासत न केवल पाकिस्तान के लिए, बल्कि पूरे विश्व के लिए महत्वपूर्ण है। हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता इस विरासत को संरक्षित करना और पर्यटन के माध्यम से आर्थिक विकास सुनिश्चित करना है।" उन्होंने कहा कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए इन परियोजनाओं पर काम शीघ्र ही शुरू होगा।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article