दुनिया

ब्राजील में चल रहे COP30 के क्लाइमेट समिट के वेन्यू में लगी आग, जान बचाकर भागे लोग-Video

COP30 Climate Summit Fire: ब्राजील के बेलेम में जारी संयुक्त राष्ट्र COP30 जलवायु सम्मेलन के मुख्य आयोजन स्थल पर अचानक आग लग गई। जिससे वहां भगदड़ मच गई।

Image

COP30 के क्लाइमेट समिट के वेन्यू में लगी आग (फोटो: canva)

COP30 Climate Summit Fire: ब्राजील के बेलेम में जारी संयुक्त राष्ट्र सीओपी30 जलवायु सम्मेलन (COP30 Climate Summit) के मुख्य आयोजन स्थल पर बृहस्पतिवार को आग लग गई, जिसके बाद हजारों लोगों को वहां से भागना पड़ा।घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई जानकारी नहीं है। दर्जनों एंबुलेंस घटनास्थल पर हैं वहीं दमकल गाड़ियां भी लगातार पहुंच रही हैं।आग दोपहर करीब दो बजे (स्थानीय समयानुसार) ‘ब्लू जोन’ में लगी, जहां सभी बैठकें, वार्ताएं होती हैं और देश-वार पवेलियन, मीडिया सेंटर व सभी उच्च-स्तरीय प्रतिनिधियों के कार्यालय हैं।

आग लगने की खबर फैलते ही लोग निकास द्वारों से बाहर की ओर भागने लगे।जलवायु परिवर्तन संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन सचिवालय ने एक तत्काल परामर्श जारी किया और सभी लोगों से कार्यक्रम स्थल खाली करने की अपील की।

भारत के पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी थे मौजूद

भारत के पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी ब्लू जोन के अंदर भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद थे, लेकिन वह सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए। वहीं बताया जा रहा है कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा एवं संरक्षा विभाग के सुरक्षा दल ने उन्हें तुरंत बाहर निकाल लिया।

'कृपया कार्यक्रम स्थल को तुरंत खाली कर दें...'

परामर्श में कहा गया है, 'ध्यान दें: जोन बी में आग लगने की घटना हुई है। कृपया कार्यक्रम स्थल को तुरंत खाली कर दें। सचिवालय की ओर से विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी।' संयुक्त राष्ट्र के एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि आग बुझा दी गई है, लेकिन पूरे इलाके में जांच जारी है, इसलिए किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है।

किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं

उन्होंने कहा कि किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है और फिलहाल स्थिति का आकलन किया जा रहा है।यूएनएफसीसीसी के वार्षिक सम्मेलन के लिए 190 से अधिक देशों के प्रतिनिधि यहां एकत्रित हुए हैं। सीओपी30 शिखर सम्मेलन 10 से 21 नवंबर तक ब्राजीलियाई शहर बेलेम में हो रहा है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article