ट्रंप का दावा-यूक्रेन में एक सप्ताह तक युद्ध नहीं लड़ेगा रूस, US राष्ट्रपति बोले-पुतिन से निजी तौर पर किया अनुरोध
- Edited by: आलोक कुमार राव
- Updated Jan 30, 2026, 06:48 AM IST
यूएस सरकार के शटडाउन पर चर्चा के लिए कैबिनेट की हुई बैठक के दौरान ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध एवं गाजा सीजफायर के बारे में ताजा जानकारी दी। ट्रंप के अनुसार यूक्रेन में भारी ठंड को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। ट्रंप ने कहा, 'ठंड की वजह से, भयंकर ठंड...मैंने निजी तौर राष्ट्रपति पुतिन से युद्ध रोकने के लिए कहा।'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
Donald Trump: रूस-यूक्रेन युद्ध पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि यूक्रेन में एक सप्ताह तक युद्ध रोकने पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी सहमति दे दी है। यूएस सरकार के शटडाउन पर चर्चा के लिए कैबिनेट की हुई बैठक के दौरान ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध एवं गाजा सीजफायर के बारे में ताजा जानकारी दी। ट्रंप के अनुसार यूक्रेन में भारी ठंड को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। ट्रंप ने कहा, 'ठंड की वजह से, भयंकर ठंड...मैंने निजी तौर राष्ट्रपति पुतिन से युद्ध रोकने के लिए कहा।'
कनाडा को 50 प्रतिशत टैरिफ की धमकी
यही नहीं, ट्रंप ने गुरुवार को अमेरिका में बेचे जाने वाले किसी भी विमान पर कनाडा पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाने की धमकी दी। सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई ट्रंप की यह धमकी उस चेतावनी के बाद आई है, जिसमें उन्होंने सप्ताहांत में कहा था कि यदि कनाडा चीन के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते को आगे बढ़ाता है तो वह कनाडा से आयात होने वाले सामानों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाएंगे। हालांकि, इस बार भी ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये आयात शुल्क कब लागू होंगे, जबकि कनाडा पहले ही एक समझौता कर चुका है।
...तो कनाडा पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दूंगा-ट्रंप
अपनी इस ताजा धमकी में रिपब्लिकन राष्ट्रपति ने कहा कि वह कनाडा द्वारा सवाना, जॉर्जिया स्थित गल्फस्ट्रीम एयरोस्पेस के जेट विमानों को प्रमाणन देने से इनकार किए जाने के जवाब में यह कदम उठा रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि इसके जवाब में अमेरिका कनाडा के सभी विमानों, जिनमें बॉम्बार्डियर के विमान भी शामिल हैं, का प्रमाणन रद्द कर देगा। उन्होंने कहा, 'यदि किसी भी कारण से इस स्थिति को तुरंत नहीं सुधारा गया, तो मैं संयुक्त राज्य अमेरिका में बेचे जाने वाले किसी भी और सभी विमानों पर कनाडा पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दूंगा।'
वेनेजुएला का एयरस्पेस खोलेगा यूएस
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने वेनेजुएला की नेता डेल्सी रोड्रिगेज को सूचित कर दिया है कि वह वेनेजुएला के ऊपर सभी वाणिज्यिक हवाई क्षेत्र को फिर से खोलने जा रहे हैं और अमेरिकी जल्द ही वहां जा सकेंगे। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने अमेरिका के परिवहन मंत्री शॉन डफी और सैन्य अधिकारियों को दिन के अंत तक हवाई क्षेत्र खोलने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा, “अमेरिकी नागरिक बहुत जल्द वेनेजुएला जा सकेंगे और वे वहां सुरक्षित रहेंगे।”