Bangladesh Dipu Das Burnt Alive Case: बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले में गुरुवार रात ईशनिंदा के आरोपों के बाद एक हिंदू युवक जिसका नाम दीपू चंद्र दास था जिसकी उम्र 27 साल थी उसको भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद से भारत मे इस घटना को लेकर लोगों में भारी रोष है और इसका विरोध किया जा रहा है। यह घटना भालुका उपजिला के स्क्वायर मास्टर बारी के डुबालिया पारा इलाके में हुई
यह घटना देश में जारी अशांति और अल्पसंख्यकों और मीडिया संस्थानों पर हमलों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच हुई है।ईशनिंदा के आरोपों के बाद एक हिंदू युवक को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला और उसके शव को आग लगा दी।
पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा, 'दीपू दास को ज़िंदा जला दिया गया, हम उन्हें यहां (बांग्लादेश हाई कमीशन) को बैठने नहीं देंगे। उन्हें इसे बंद करना होगा। 24 दिसंबर को बॉर्डर पर 1 घंटे का ब्लॉकेड होगा और 26 दिसंबर को हम यहां फिर से विरोध प्रदर्शन करेंगे'
दीपू चंद्र दास की लाश को आग लगा दी
पुलिस ने पीड़ित की पहचान दीपू चंद्र दास के रूप में की, जो एक स्थानीय गारमेंट फैक्ट्री में काम करता था और उस इलाके में किराए पर रहता था। भालुका पुलिस स्टेशन के ड्यूटी ऑफिसर रिपन मिया ने बताया, 'गुरुवार रात करीब 9 बजे गुस्से में लोगों के एक ग्रुप ने युवक को पैगंबर का अपमान करने के लिए पकड़ा और उसकी पिटाई की। फिर उन्होंने उसकी लाश को आग लगा दी।' उन्होंने बताया कि हमलावरों ने लाश को आग लगाने से पहले एक पेड़ से बांध दिया था।
अब मामले में कार्रवाई की गई है
जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। लाश को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बांग्लादेश के मैमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया है। तब पुलिस ने कहा था कि कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। मिया ने कहा, 'हम उसके रिश्तेदारों को ढूंढ रहे हैं। अगर वे आकर केस दर्ज कराते हैं, तो कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।' हालांकि, अब मामले में कार्रवाई की गई है।
इस मामले में 7 लोगों को पकड़ा गया है
बांग्लादेश में सनातन धर्म मानने वाले युवक दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। अब इस मामले में 7 लोगों को पकड़ा गया है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार ने X पर लिखा, 'मैमनसिंह के वालुका में सनातन धर्म मानने वाले युवक दीपू चंद्र दास (27) की पीट-पीटकर हत्या के मामले में, रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) ने सात लोगों को संदिग्ध के तौर पर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोग हैं— मोहम्मद लिमोन सरकार (19), मोहम्मद तारिक हुसैन, मोहम्मद मानिक मियां (20), इरशाद अली (39), निजुम उद्दीन (20), आलमगीर हुसैन (38), और मोहम्मद मिराज हुसैन अकन (46)। RAB-14 ने अलग-अलग जगहों पर ऑपरेशन चलाकर ऊपर बताए गए संदिग्धों को गिरफ्तार किया।'
