दुनिया

Cloud Burst: नेपाल-चीन बॉर्डर पर फटा बादल, 18 लोग लापता, सर्च अभियान जारी

नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि सरकार राहत और बचाव कार्यों को "युद्ध स्तर" पर अंजाम दे रही है।

Image

नेपाल में बादल फटा (प्रतीकात्मक फोटो- iStock)

Cloud Burst in Nepal: नेपाल के रसुवा जिले में मंगलवार तड़के अचानक आई बाढ़ के चलते 18 लोग लापता हो गए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लापता लोगों में तीन पुलिसकर्मी, नौ नागरिक और छह चीनी नागरिक शामिल हैं।यह जानकारी रसुवा के सहायक प्रमुख जिला अधिकारी ने दी।अधिकारी ने बताया कि बाढ़ ने नेपाल-चीन फ्रेंडशिप ब्रिज (मैत्री पुल) और ड्राय पोर्ट में खड़ी कई नई इलेक्ट्रिक वाहनों को बहा दिया।

रसुवा के मुख्य जिला अधिकारी अर्जुन पौडेल के हवाले से 'द काठमांडू पोस्ट' ने लिखा, "बाढ़ ने फ्रेंडशिप ब्रिज और ड्राय पोर्ट पर खड़ी कई ईवी को बहा दिया। ऐसा संदेह है कि कुछ लोग बाढ़ के समय गाड़ियों के अंदर थे, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।" उन्होंने यह भी बताया कि कई लोग, जिनमें सुरक्षा बल के जवान भी शामिल हैं, जो राहत और बचाव कार्य में लगे थे, उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने लिखा, "त्रिशूली नदी में आई बाढ़ से कई लोगों की जान गई है, कुछ अब भी लापता हैं और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। सरकार प्रभावित लोगों के बचाव के लिए संसाधनों को युद्धस्तर पर लगा रही है। इस नदी में आगे चलकर भोटेकोशी नदी मिलती है।"प्रधानमंत्री ने मृतकों के प्रति संवेदना और पीड़ितों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह सुरक्षा एजेंसियों से लगातार रिपोर्ट ले रहे हैं और सभी गैर-जरूरी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की प्रतिक्रिया में किसी तरह की कमी न आने दी जाए। संवेदनशील इलाकों में आपातकालीन सहायता को प्राथमिकता दी जा रही है। इस आपदा के मद्देनजर नेपाल के गृह मंत्रालय ने आपातकालीन बैठक बुलाई है। वहीं, केंद्रीय सुरक्षा समिति और राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण की कार्यकारी समिति की संयुक्त बैठक भी मंगलवार को बुलाई गई है।

IANS इनपुट

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article