China Factory Fire: चीन के पूर्वी हिस्से में स्थित फुज्यान प्रांत के जिनजियांग शहर (Jinjiang city shoe factory fire) से एक बेहद दर्दनाक और बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एक जूता बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। इस भयानक अग्निकांड में अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटे हुए हैं। स्थानीय अधिकारियों और आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय के मुताबिक, यह भीषण आग दोपहर करीब 12 बजे फैक्ट्री की इमारत में लगी। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।
सोशल मीडिया पर सामने आए हादसे के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार पूरी इमारत से निकल रहा है। आग की विभीषिका इतनी ज्यादा थी कि इसने पास की अन्य संरचनाओं और इमारतों को भी अपनी जद में ले लिया, जिससे वहां मौजूद लोगों को भागने का मौका तक नहीं मिला।
राहत और बचाव कार्य
हादसे की खबर मिलते ही चीन का आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय तुरंत एक्शन में आ गया। मंत्रालय ने जिनजियांग शहर (जो क्वानझोउ इलाके के अंतर्गत आता है) में एक संयुक्त कार्य दल को रवाना किया है। यह विशेष टीम स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन को सही दिशा देने और आग पर पूरी तरह काबू पाने का काम कर रही है।
राष्ट्रपति ने जताया दुख, दिए जांच के आदेश
इस बड़ी त्रासदी पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गहरा दुख जताया है और अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। सरकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, राष्ट्रपति जिनपिंग ने कहा है कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए हर संभव कोशिश की जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने आदेश दिया है कि इस हादसे के असली कारणों का जल्द से जल्द पता लगाया जाए और जिन भी लोगों की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है, उन्हें चिन्हित कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
