दुनिया

भारतीय नौसेना ने समुद्र में बचाई घायल चीनी नाविक की जान, चीन ने जताया हार्दिक आभार

भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर ने 24 जुलाई को तड़के पनामा के झंडे वाले जहाज ‘झोंग शान मेन’ से गंभीर रूप से घायल चीनी नाविक को बाहर निकाला और उसे वायुसेना के एक अड्डे पर पहुंचाया।

Image

भारतीय नेवी ने बचाई चीनी नाविक की जान

Photo : PTI

Indian Navy Rescued Chinese Sailor: चीन ने गुरुवार को मुंबई तट के पास समुद्र में एक मालवाहक जहाज से गंभीर रूप से घायल एक चीनी नाविक को बचाने और समय पर उसका उपचार कराने के लिए भारतीय नौसेना के प्रति हार्दिक आभार जताया। भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर ने 24 जुलाई को खराब मौसम के बीच मुंबई से करीब 370 किलोमीटर दूर समुद्र में गंभीर रूप से घायल 51 वर्षीय चीनी नाविक को बाहर निकाला और उसका उपचार कराया। इस नाविक का कथित रूप से बहुत अधिक रक्तस्राव हो चुका था।

चीनी विदेश मंत्रालय ने जताया आभार

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने प्रेसवार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा, भारतीय पक्ष तत्काल उसके बचाव के लिए आगे आया और उसने समय से उसका इलाज कराया। चीन में अब उसकी हालत ठीक है और उसकी तबीयत धीरे-धीरे सुधर रही है। लिन ने कहा, चीनी पक्ष भारतीय पक्ष के उनसभी विभागों एवं कर्मियों के प्रति हार्दिक आभार प्रकट करता है जिन्होंने मौके पर विपरीत परस्थितियों के बावजूद यह मानवीय अभियान चलाया।

भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर ने 24 जुलाई को तड़के पनामा के झंडे वाले जहाज ‘झोंग शान मेन’ से गंभीर रूप से घायल चीनी नाविक को बाहर निकाला और उसे वायुसेना के एक अड्डे पर पहुंचाया। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा पर टकराव के बावजूद ‘मेरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर’ (मुंबई) ने इस मरीज को समय से बाहर निकालने और उसका इलाज कराने के अभियान को भारतीय नौसेना के साथ समन्वय करके पूरा किया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article