LIVE

Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन जंग का 10वां दिन, जेलेंस्‍की का दावा- प्रमुख शहरों पर यूक्रेनी बलों का नियंत्रण बरकरार

Russia-Ukraine War News: रूस और यूक्रेन के बीच 10वें दिन भी युद्ध जारी है। दोनों ओर से वार-पलटवार किया जा रहा है, जो मानवता के लिए बड़ा संकट बन गया है। युद्ध में बड़ी संख्‍या में लोगों ने अपनों को खोया है तो लाखों की तादाद में लोगों को अपना घर छोड़कर शरणार्थी बन जाना पड़ा है। भारत के सैकड़ों नागरिक अब भी यूक्रेन में फंसे हैं, जिन्‍हें निकालने के लिए कोशिशें की जा रही हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Mar 6, 2022, 00:03 IST
Follow on Google News
Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन जंग का 10वां दिन, जेलेंस्‍की का दावा- प्रमुख शहरों पर यूक्रेनी बलों का नियंत्रण बरकरार
Photo Credit: AP

Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध का आज 10वां दिन है, जब हमले और तेज होते जा रहे हैं। रूस सेना  लगातार यूक्रेन के अलग-अलग शहरों में हमले कर रही है, ताकि कीव तक उसकी पहुंच और उस पर उसका कब्जा हो सके। रूस ने आज कुछ घंटों के लिए यूक्रेनी पक्ष से समन्‍वय के बाद मारियुपोल और वोलनोवाखा से आम नागरिकों को बाहर निकलने देने के लिए मानवीय कॉरीडोर खोला। भारत अपने नागरिकों को यूक्रेन से लाने के लिए लगातार कोशिशें कर रहा है। वहां फंसे भारतीय छात्रों को सुरक्षा स्थिति का ध्‍यान रखते हुए शेल्‍टर्स में रहने और अनावश्‍यक जोखिम लेने से बचने को कहा गया है। भारत ने खास तौर पर यूक्रेन के सुमी में फंसे अपने छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है, जिसका बॉर्डर रूस से लगता है।

Russia-Ukraine War News Live Updates:

MAR 06, 2022 00:01 IST

जेलेंस्‍की का दवा- प्रमुख शहरों पर यूक्रेनी बलों का नियंत्रण बरकरार

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को दावा किया कि देश के मध्य एवं दक्षिण-पूर्वी हिस्से के प्रमुख शहरों पर यूक्रेनी बलों का नियंत्रण बरकरार है, जबकि रूसी बल खारकीव, निकोलीव, चेर्निहाइव और सुमी को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा, 'हम अतिक्रमणकारियों को ऐसा नुकसान पहुंचा रहे हैं कि उन्होंने अपने बुरे समय में भी ऐसे नुकसान नहीं देखे होंगे।' यूक्रेनी राष्ट्रपति ने युद्ध के 10 दिन में 10,000 रूसी सैनिकों को मार गिराने का दावा किया।

MAR 05, 2022 23:09 IST

रूस-यूक्रेन जंग के बीच करेंगे तीसरे दौर की वार्ता

रूस और यूक्रेन के बीच भीषण जंग जारी है। इस बीच दोनों देशों ने तीसरे दौर की वार्ता को लेकर सहमति जताई है। रूस और यूक्रेन के बीच तीसरे दौर की बातचीत सोमवार को होने वाली है। अब तक की दो दौर की वार्ता बेनतीजा रही है। दोनों देशों के प्रतिनि‍धियों ने बेलारूस में वार्ता की है और एक बार फिर वे बातचीत की टेबल पर मिलेंगे।

MAR 05, 2022 22:22 IST

मास्‍को पहुंचे इजराल के पीएम नफ्ताली बेनेट

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट के मास्‍को पहुंचने की र‍िपोर्ट है। जंग के इस माहौल में इजरायली पीएम के मास्‍को पहुंचने को काफी अहम समझा जा रहा है। इससे पहले ऐसी रिपोर्ट्स सामने आती रही हैं कि इजरायल, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्‍त करने में अहम भूमिका निभा सकता है। इजरायल को इस स्थिति में संभावित मध्‍यस्‍थ के तौर पर देखा जा रहा है।

MAR 05, 2022 21:48 IST

रूस-यूक्रेन जंग: 351 आम लोगों ने गंवाई जान

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने शनिवार को रूसी हमले के बाद से यूक्रेन में 351 आम नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। जिनेवा स्थित कार्यालय ने कहा कि 24 फरवरी की मध्यरात्रि से 707 अन्य आम नागरिक घायल हुए हैं। संरा मानवाधिकार कार्यालय ने इन आंकड़ों के लिए पुष्ट रिपोर्ट का उपयोग किया है। हालांकि, यूक्रेन के अधिकारियों ने हताहतों की इससे कहीं अधिक संख्या पेश की है।

MAR 05, 2022 20:36 IST

'नो-फ्लाई जोन' पर पुतिन की सीधी चेतावनी

यूक्रेन के खिलाफ जारी जंग के बीच रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन पर नो-फ्लाई जोन की किसी भी तीसरे पक्ष की घोषणा को रूस 'सशस्त्र संघर्ष में उसकी भागीदारी' मानेगा। उनका यह बयान ऐसे में आया है, जबकि यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की NATO से लगातार यूक्रेन में नो-फ्लाई जोन घोषित करने का अनुरोध कर रहे हैं। NATO ने हालांकि यह कहते हुए इससे इनकार किया है कि इससे यूरोप में व्‍यापक संघर्ष छिड़ जाएगा।

MAR 05, 2022 20:31 IST

पीएम मोदी ने यूक्रेन संकट पर बुलाई बैठक

यूक्रेन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक और उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। रूस-यूक्रेन युद्ध के 10वें दिन यह बैठक बुलाई गई है। विदेश मंत्रालय का कहना है कि यूक्रेन के खारकीव से सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि अन्‍य शहरों से भारतीय स्‍टूडेंट्स की निकासी को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। चिंता यूक्रेन के सूमी शहर को लेकर जताई जा रहा है, जो युद्ध क्षेत्र में तब्‍दील हो चुका है।

MAR 05, 2022 20:28 IST

'यूक्रेन से भारतीयों की निकासी में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे'

यूक्रेन में भारतीय राजदूत ने कहा, हम सूमी से भारतीय विद्यार्थियों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हमारे छात्र कठिन समय से गुजरे हैं और उन्होंने इस समय में अतुलनीय ताकत, दृढ़ता का प्रदर्शन किया है। यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों से भारत के राजदूत ने कहा, 'मैं आपसे थोड़े और धैर्य का आग्रह करता हूं ताकि हम आपकी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।' भारतीय छात्रों को लेकर उन्‍होंने कहा, पिछले दो सप्ताह हम सभी के लिए अत्यंत खौफनाक और चुनौतीपूर्ण रहे हैं। शायद ही कोई ऐसा होगा जिसने अपनी जिंदगी में इस तरह की पीड़ा और बाधाएं देखी होंगी।

MAR 05, 2022 19:05 IST

खारकीव से निकाले गए सभी भारतीय

रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के 10 वें दिन विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव से लगभग सभी भारतीय नागरिकों को निकाला जा चुका है, जो एक अच्छी खबर है। उन्‍होंने कहा, अब हम देखेंगे कि अब भी कितने और भारतीय यूक्रेन में हैं। दूतावास उन लोगों से संपर्क करेगा, जिनके वहां होने की संभावना है, लेकिन अभी तक उन्‍होंने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। उन्‍होंने बताया कि बीते 24 घंटों में 15 फ्लाइट भारत पहुंचीं हैं, जिनमें लगभग 2900 भारतीयों को निकाला गया है। ऑपरेशन गंगा के तहत 63 उड़ानें अब तक लगभग 13,300 भारतीयों को लेकर भारत पहुंचीं हैं। अगले 24 घंटों में 13 और फ्लाइट शेड्यूल हैं।

MAR 05, 2022 17:05 IST

सूमी में फंसे अपने छात्रों को लेकर चिंता में भारत

भारत ने शनिवार को कहा कि वह युद्धग्रस्त यूक्रेन के पूर्वी शहर सूमी में फंसे भारतीयों को लेकर 'काफी चिंतित' है। साथ ही उसने विविध माध्यमों से रूस एवं यूक्रेन दोनों से तत्काल संघर्षविराम करने को कहा है, ताकि संघर्ष वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर कहा, 'यूक्रेन के सूमी में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर (भारत) काफी चिंतित है। रूस और यूक्रेन की सरकारों को विविध माध्यमों से पुरजोर तरीके से तत्काल संघर्षविराम के लिए (भारत ने) कहा है, ताकि हमारे छात्रों को सुरक्षित गलियारा मिल सके।' उन्होंने लिखा कि हमने अपने छात्रों से सुरक्षा संबंधी एहतियात बरतने, आश्रय स्थल के अंदर रहने तथा अनावश्यक खतरा न लेने को कहा है। विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास छात्रों के साथ लगातार संपर्क में है। इससे पहले शुक्रवार को उन्‍होंने कहा था कि सुमी में करीब 700 भारतीय फंसे हुए हैं।

MAR 05, 2022 16:14 IST

यूक्रेनी मीडिया का दावा- मार गिराया रूस का हेलीकॉप्‍टर

रूस और यूक्रेन के बीच जंग का आज 10वां दिन है, जब वार-पलटवार का दौर जारी है। इस बीच यूक्रेनी मीडिया ने दावा किया है कि रूस के एक लड़ाकू हेलीकॉप्‍टर को मार गिराया गया है। मीडिया र‍िपोर्ट के मुताबिक, मिसाइल के जरिये इस हेलीकॉप्टर को निशाना बनाया गया। इसका वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें आग की लपटों और धुएं के गुबार को देखा जा सकता है। यूक्रेनी मीडिया के दावे के अनुसार, मिसाइल हमले के बाद रूसी हेलीकॉप्‍टर जमींदोज हो गया है।

MAR 05, 2022 15:11 IST

यूक्रेन में फंसे 183 भारतीयों को लेकर बुडापेस्ट से मुंबई पहुंचा विमान

युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे 183 भारतीयों को लेकर एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक निकासी उड़ान शनिवार सुबह हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट से मुंबई पहुंची। विमानन कंपनी के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान शनिवार सुबह 11 बजे 182 वयस्क यात्रियों और एक शिशु के साथ मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरी।

MAR 05, 2022 14:17 IST

पिसोचिन से निकाले जा रहे हैं भारतीय

यूक्रेन में भारत के दूतावास का कहना है कि उन्होंने खार्किव में पिसोचिन से 298 भारतीय छात्रों को निकालने के लिए बसों की व्यवस्था की
MAR 05, 2022 13:35 IST

कीव में कार पर गोलीबारी, दो की मौत

यूक्रेन के अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि रूसी सेना ने कीव में एक कार पर गोलाबारी की, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। यहां युद्ध 11वें दिन में प्रवेश कर गया है। एक फेसबुक पोस्ट में, कीव क्षेत्रीय अभियोजक कार्यालय ने कहा कि उसने शुक्रवार को हुई घटना पर आपराधिक कार्यवाही शुरू की है।

MAR 05, 2022 13:03 IST

सूमी से भारतीयों को निकालने के लिए हर संभव तरीके तलाश रहे : दूतावास

यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने शनिवार को कहा कि वह पूर्वी यूक्रेन के शहर सूमी से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव तरीके तलाश रहा है। दूतावास ने कहा कि वह यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए निकासी मार्गों की पहचान के वास्ते रेड क्रॉस सहित सभी संबंधित वार्ताकारों के संपर्क में है।

MAR 05, 2022 12:33 IST

पुतिन ने दी भारतीयों को बड़ी राहत

रूस ने भारतीय छात्रों और अन्‍य विदेशी नागरिकों को यूक्रेन छोड़ने में मदद के लिए यूक्रेन के दो शहरों में सीजफायर का ऐलान किया है। रूस का यह कदम बेहद अहम है क्योंकि इसके बाद इन इलाकों में फंसे भारतीय और विदेशी नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सकेगा। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह सीजफायर आज भारतीय समयानुसार 11.30 बजे से लागू हो गया है।

MAR 05, 2022 12:16 IST

सीबीएस न्यूज ने रूस छोड़ा, नए कानून के बाद लिया फैसला

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक नए कानून पर हस्ताक्षर किया है जिसके बाद सीबीएस न्यूज रूस से बाहर निकलने वाला लेटेस्ट मीडिया आउटलेट बन गया है। इसके अंतर्गत चल रहे मॉस्को-कीव युद्ध के बारे में 'फर्जी समाचार फैलाने' के लिए जेल की सजा का प्रावधान है। शुक्रवार को, सीबीएस न्यूज के प्रवक्ता ने कहा कि आउटलेट 'वर्तमान में रूस से प्रसारित नहीं हो रहा था क्योंकि हम आज पारित किए गए नए मीडिया कानूनों को देखते हुए अपनी टीम के लिए परिस्थितियों की निगरानी कर रहे हैं'।

MAR 05, 2022 11:46 IST

अमेरिका, उसके सहयोगी देशों ने रूस पर यूक्रेन के परमाणु संयंत्र पर हमला करने का आरोप लगाया

अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने रूस पर यूक्रेन के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हमला करने और लाखों यूरोपीय लोगों की जिंदगी जोखिम में डालने का आरोप लगाया है। हालांकि रूस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि परमाणु ऊर्जा संयंत्र के एक प्रशिक्षण सुविधा केंद्र में आग लगाने के लिए यूक्रेन का एक समूह जिम्मेदार था।

MAR 05, 2022 10:52 IST

कीव में हवाई हमले का अलर्ट

यूक्रेन की द कीव इंडिपेंडेंट ने कहा है कि कीव में हवाई हमले का अलर्ट। यहां रहने वाले लोगों को निकटतम आश्रय में जाने की सलाह दी गई है। आपको बता दें कि युद्ध के कारण पलायन कर रहे यूक्रेन के कुछ सबसे कमजोर नागरिकों के लिए एकजुटता, करुणा दिखाते हुए पोलैंड और हंगरी के निवासी बांहे खोलकर उनका स्वागत कर रहे हैं तथा जंग के समय भी इंसानियत को जिंदा रखे हुए हैं।
MAR 05, 2022 10:05 IST

यूक्रेन में घायल हुए भारतीय छात्र के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार : विदेश मंत्रालय

 विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने यूक्रेन की राजधानी कीव में गोली लगने से घायल हुए भारतीय छात्र हरजोत सिंह के इलाज का खर्च उठाने का फैसला किया है। सिंह का कीव के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। सिंह (31) 27 फरवरी को दो लोगों के साथ कीव से निकलने की कोशिश में यूक्रेन के पश्चिमी शहर लीव जाने के लिए कैब में सवार हुआ था। सिंह को चार गोलियां लगी थीं जिसमें एक गोली सीने में लगी। वह दिल्ली के रहने वाला है।

MAR 05, 2022 09:33 IST

बीबीसी ने रूस में अपने पत्रकारों के कामकाज पर अस्थायी रोक लगायी

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) ने शुक्रवार को कहा कि रूस के एक नया कानून लाने के बाद उसके पास रूस में अपने पत्रकारों का कामकाज अस्थायी रूप से निलंबित करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है। इस कानून के तहत देश के सशस्त्र बलों के बारे में ‘‘झूठी’’ सूचना फैलाने पर किसी व्यक्ति को 15 साल तक की जेल की सजा हो सकती है।

MAR 05, 2022 08:58 IST

जारी है ऑपरेशन गंगा

हिंडन एयरबेस से कल उड़ान भरने वाले भारतीय वायुसेना के तीन सी-17 विमान आज सुबह हिंडन एयरबेस में लैंड हुआ। इन उड़ानों ने रोमानिया, स्लोवाकिया और पोलैंड से 629 भारतीय नागरिकों को निकाला और इन देशों में भारत से 16.5 टन राहत भार भी पहुंचाया। ऑपरेशन गंगा के तहत IAF ने अब तक 2,056 यात्रियों को वापस लाने के लिए 10 उड़ानें भरी हैं। वहीं यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर एक स्पेशल फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। एक छात्रा ने बताया, "हमारे लिए वहां रहना बहुत कठिन था, हम भारत सरकार का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने हमें वहां से निकालकर यहां वापस लाए। वापस आकर हम बहुत खुश हैं।"
 

MAR 05, 2022 08:43 IST

नाटो पर भड़के जलेंस्की

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ट्वीट कर यूक्रेन के ऊपर हवाई मार्ग बंद नहीं करने के नाटो के फैसले की निंदा की। ज़ेलेंस्की ने अपने हालिया संबोधन के दौरान कहा, 'आज गठबंधन के नेतृत्व ने यूक्रेनी कस्बों और गांवों में बमबारी के लिए ग्रीन सिग्नल दे दिया।, नो-फ्लाई ज़ोन (यूक्रेन के ऊपर) स्थापित करने से इनकार कर दिया।'
MAR 05, 2022 08:39 IST

रूस के सीनेटर का दावा है कि सैनिकों को भारी नुकसान हुआ

एक रूसी सीनेटर ने शुक्रवार को दावा किया कि यूक्रेन में लड़ रही कुछ सैन्य इकाइयों को भारी नुकसान हुआ है। ल्यूडमिला नारुसोवा ने संसद के ऊपरी सदन को बताया कि वह एक 100-मजबूत कंपनी के बारे में जानती हैं, जहां 'केवल चार जीवित रह गए थे।'  उन्होंने कहा कि उनमें ऐसे सैनिक शामिल हैं जिन्हें या तो अनुबंधों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया था या उनके लिए हस्ताक्षर किए गए थे। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के पूर्व राजनीतिक संरक्षक अनातोली सोबचक की विधवा नारुसोवा ने अपने दावों के लिए कोई सबूत पेश नहीं किया।

MAR 05, 2022 08:38 IST

रूस का दावा

रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन के नागरिकों पर आरोप लगाया कि उन्होंने विभिन्न शहरों में 3,700 से अधिक भारतीय नागरिकों को जबरन बंधक बनाकर रखा है। रूस ने कहा कि उसकी सेना विदेशी नागरिकों की शांतिपूर्ण निकासी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। रूस ने कहा कि उसकी सेना विदेशी नागरिकों की शांतिपूर्ण निकासी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

MAR 04, 2022 23:46 IST

भारतीयों की निकासी के लिए स्‍लोवाकिया के PM से मिले रिजिजू

यूक्रेन में फंसे भारतीयों की निकासी को लेकर ऑपरेशन गंगा चलाया जा रहा है। इसी मिशन के तहत केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री एडुअर्ड हेगर से मुलाकात की। रिजिजू युद्धग्रस्त यूक्रेन से भारतीयों को स्लोवाकिया के रास्ते निकालने के अभियान की निगरानी कर रहे हैं। रिजिजू उन चार केंद्रीय मंत्रियों में से एक हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन गंगा के तहत भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए अपने विशेष दूत के तौर पर यूक्रेन के पड़ोसी देशों में भेजा है।

MAR 04, 2022 23:32 IST

यूक्रेन में 'नो फ्लाई जोन' लागू नहीं करवाएगा NATO

उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) ने एक बार फिर कहा है कि वह यूक्रेन में 'नो फ्लाई जोन' लागू नहीं कराएगा। अगर ऐसा होता है तो परमाणु हथियारों से लैस रूस के साथ यूरोप की व्यापक जंग भड़क सकती है। यूक्रेन की पीड़ा को स्वीकार करते हुए NATO महासचिव जेन्स स्टॉल्टेनबर्ग ने कहा कि यूक्रेन में जो हो रहा है, वह भयावह है। यह दर्दनाक है। हम जो मानव पीड़ा और जिस स्तर पर तबाही देख रहे हैं, वह हमने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप में नहीं देखी है। इसकी वजह से 10 लाख से अधिक लोग देश छोड़ने को मजबूर हुए हैं। NATO चीफ ने कहा, 'हम इस संघर्ष का हिस्सा नहीं हैं और हमारी जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि यह जंग और न बढ़े तथा यूक्रेन से आगे न जाए, क्योंकि ऐसा होने पर यह अधिक विनाशकारी और खतरनाक होगा।'

MAR 04, 2022 22:12 IST

रूसी मीडिया का दावा- यूक्रेन छोड़कर भागे राष्‍ट्रपति जेलेंस्‍की

रूस-यूक्रेन युद्ध के 9वें दिन रूसी मीडिया यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की को लेकर बड़ा दावा किया है। बताया जा रहा है कि वह यूक्रेन छोड़कर पोलैंड चले गए हैं। यूक्रेन ने हालांकि रूसी मीडिया के दावे को खारिज किया है और कहा कि वह राजधानी कीव में ही हैं। इससे पहले भी जेलेंस्‍की के देश छोड़कर जाने की रिपोर्ट आई थी, लेकिन यूक्रेन के राष्‍ट्रपति ने कीव की सड़कों से अपना वीडियो जारी कर इन अफवाहों को झूठ बताया था। अब एक बार फिर रूसी मीडिया ने उनके देश छोड़कर भागने का दावा किया है।

MAR 04, 2022 20:38 IST

रूस-यूक्रेन के बीच होगी तीसरे दौर की वार्ता!

रूस-यूक्रेन एक तरफ युद्ध लड़ रहे हैं तो दोनों देशों के प्रतिनिधि बातचीत भी जारी रखे हुए हैं। दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच दो दौर की वार्ता बेलारूस में हो चुकी है, जिसमें दोनों मुल्‍कों में फंसे लोगों को निकालने के लिए सुरक्षित गलियारा बनाने पर सहमति बनी है। लेकिन अब भी ऐसे किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सका है, जिससे जंग की त्रासदी को खत्‍म किया जा सके। अब दोनों देशों के बीच तीसरे दौर की वार्ता हो सकती है। यूक्रेन के राष्‍ट्रपति के सलाहकार के मुताबिक, यूक्रेन ने इस सप्‍ताहांत में रूसी अधिकारियों के साथ तीसरे दौर की वार्ता की योजना बनाई है।

MAR 04, 2022 19:43 IST

369 भारतीयों को लेकर दो उड़ानें मुंबई पहुंचीं

यूक्रेन में फंसे 369 भारतीयों को लेकर एअर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानें मुंबई पहुंचीं हैं। उन्हें रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट और हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के रास्ते निकाल कर लाया गया है। एअर इंडिया एक्सप्रेस 26 फरवरी से पांच विशेष निकास उड़ानों के जरिए यूक्रेन में फंसे कुल 951 भारतीयों, जिनमें अधिकतर विद्यार्थी हैं, को अब तक मुंबई लेकर आई है। रूस के हमले के बाद यूक्रेन में हजारों भारतीय फंस गए हैं।

MAR 04, 2022 19:09 IST

20000 भारतीय नागरिकों ने छोड़ा यूक्रेन

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन से अब तक 20 हजार भारतीय नागरिक बाहर निकल चुके हैं। अधिकांश छात्र यूक्रेन की सीमा पार कर पड़ोसी देशों में पहुंच गए हैं। हालांकि अब भी 2000 से 3000 भारतीयों के अब भी यूक्रेन में फंसे होने का अनुमान है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता अरिंदम बागची ने कहा कि यूक्रेन से आखिरी भारतीय की निकासी तक ऑपरेशन गंगा जारी रहेगा। उन्‍होंने कहा कि सबसे अधिक चिंता फिलहाल यूक्रेन के सूमी में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर है, जो रूस की सीमा से सटा क्षेत्र है।

MAR 04, 2022 17:13 IST

मानवाधिकार परिषद की बैठक में वोटिंग से भी दूर रहा भारत

रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग का आज नौवां दिन है, जब रूस ने यूक्रेन के परमाणु संयंत्र को भी निशाना बनाया है और उसे अपने कब्‍जे में ले लिया है। इस बीच रूस पर मावनवाधिकारों के उल्‍लंघन का भी आरोप लग रहा है। इसी मसले पर शुक्रवार को रूस के खिलाफ संयुक्‍त राष्‍ट्र मावाधिकार परिषद में प्रस्‍ताव लाया गया, जिसमें कई देशों ने रूस के खिलाफ मतदान किया, जबकि भारत सुरक्षा परिषद और महासभा में रूस की कार्रवाई को लेकर हुई वोटिंग की तरह इस बार भी वोटिंग से दूर रहा। कुल 13 देश वोटिंग से दूर रहे, जिनमें भारत के साथ-साथ चीन और अन्‍य देश शामिल रहे।

MAR 04, 2022 16:28 IST

परमाणु संयत्र पर रूसी हमले में 3 यूक्रेनी सैनिकों की मौत

रूस ने यूक्रेन के खिलाफ जारी जंग के नौवें दिन दक्षिणी यूक्रेन के एनेर्होदार शहर में स्थित जपोरिजिया परमाणु संयंत्र को 'प्रोजेक्‍टाइल' से निशाना बनाया है, जिससे यहां आग लग गई। आग अब बुझा ली गई है और इस संयंत्र पर अब रूस का कब्‍जा है। इस बीच यूक्रेन की सरकारी परमाणु कंपनी का कहना है कि रूस के इस हमले में तीन यूक्रेनी सैनिकों की जान गई है, जबकि दो अन्‍य घायल हुए हैं। वहीं यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की ने इस हमले के बाद रूस के खिलाफ और कड़े प्रतिबंधों की मांग की है।

MAR 04, 2022 14:34 IST

रूसी धमकी के बाद पीछे नहीं हटेंगे : विकिमीडिया फाउंडेशन

रूसी नियामकों ने यूक्रेन पर रूस के आक्रमण को कवर करने वाले एक लेख पर इसे अवरुद्ध करने की धमकी दी थी, जिसपर विकिमीडिया फाउंडेशन ने कहा है कि वह पीछे नहीं हटेगा। टेक और संचार नियामक रोसकोम्नाडजोर ने विकिपीडिया को यह दावा करते हुए ब्लॉक करने की धमकी दी थी कि इसकी वेबसाइट पर लेख में युद्ध के हताहतों और आर्थिक प्रतिबंधों के प्रभावों के बारे में 'झूठे संदेश' हैं। आक्रमण के बारे में अंग्रेजी विकिपीडिया लेख को 11.3 मिलियन से अधिक बार (3 मार्च तक) देखा गया है और इस विषय के बारे में 99 से अधिक भाषाओं में लेख हैं।
 

MAR 04, 2022 13:55 IST

परमाणु संयंत्र पर रूसी हमलों के कारण लगी आग बुझाई गई

यूक्रेन के अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र में रूसी गोलाबारी से लगी आग पर काबू पा लिया गया है और संयंत्र पर रूसी बलों ने कब्जा कर लिया है। क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन ने एक बयान में कहा कि एनेर्होदार शहर में स्थित जेपोरिजजिया संयंत्र में रिएक्टर संख्या-1 के कंपार्टमेंट को नुकसान पहुंचा है। लेकिन इससे ऊर्जा संयंत्र की सुरक्षा पर प्रभाव नहीं पड़ा है। बयान में कहा गया है कि संचालन कर्मी इसकी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। हताहतों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में रेडिएशन का स्तर खतरनाक स्तर पर नहीं पहुंचा है।

MAR 04, 2022 12:59 IST

रूसी कुलीन वर्ग के 50 लोगों पर अमेरिकी प्रतिबंध

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने रूस के दिग्गज कारोबारियों और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निकट सहयोगियों पर नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। अमेरिका ने यूक्रेन पर आक्रमण का आदेश देने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को निशाना बनाने के नवीनतम प्रयास में क्रेमलिन के प्रेस सचिव दमित्री पेस्कोव समेत रूसी कुलीन वर्ग के 50 लोगों और उनके परिवारों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि प्रतिबंधउन लोगों को लक्षित करेंगे, जो रूसी कारोबारियों के साथ अवैध तरीके से संबद्ध हैं। बाइडन ने व्हाइट हाउस में बृहस्पतिवार को पत्रकारों से कहा, ‘आज, मैं घोषणा कर रहा हूं कि हम सूची में दर्जनों और नाम जोड़ रहे हैं, जिसमें रूस के सबसे धनी अरबपति भी शामिल हैं। मैं, 50 से अधिक रूसी कुलीन वर्गों के लोगों, उनके परिवारों और उनके करीबी सहयोगियों के अमेरिका की यात्रा करने पर भी प्रतिबंध लगा रहा हूं।’
 

MAR 04, 2022 12:23 IST

जपोरिजिया परमाणु संयंत्र पर रूस का कब्जा

जपोरिजिया परमाणु संयंत्र पर रूस का कब्जा हो गया है। शुक्रवार सुबह रूसी सेना के हमले के बाद इस न्यूक्लियर प्लांट में आग लग गई थी। हमले के बाद न्यूक्लियर प्लांट से गैस का रिसाव होने की आशंका जताई गई थी।

MAR 04, 2022 12:21 IST

17 हजार की वापसी, 7 हजार अभी भी फंसे हैं-एजी

यूक्रेन से भारतीय छात्रों की वापसी प्रक्रिया की सुप्रीम कोर्ट ने सराहना की और कहा कि उम्मीद है कि वार्ता के जरिए युद्ध की समाप्ति होगी। सीजेआई ने कहा कि छात्रों की हिफाजत का मुद्दा निश्चित तौर पर तनाव पैदा करने वाला है। सुप्रीम कोर्ट को अटॉर्नी जनरल ने बताया कि अब तक 17 हजार तो भारत वापस लाया गया है जबकि सात हजार फंसे  हुए हैं। सीजेआई ने अटॉर्नी जनरल से कहा कि छात्रों की मदद के लिए ऑनलाइन हेल्पलाइन शुरू करने की जरूरत है ताकि राज्यों और छात्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो। 

MAR 04, 2022 11:25 IST

यूक्रेन के हालात पर PM मोदी की बड़ी बैठक, जयशंकर-अजीत डोभाल भी मौजूद

यूक्रेन के हालात बेहद गंभीर और चिंताजनक हो गए हैं। यहां से अपने छात्रों को निकालने के साथ-साथ वहां हो रहीं घटनाओं पर भारत सरकार नजर बनाए हुए है। यूक्रेन के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट पर रूस के हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उच्च स्तरीय बैठक की है और हालात का जायजा लिया है। इस बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव सहित विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए हैं।
MAR 04, 2022 11:06 IST

स्लोवाकिया से भारत लौटेंगे छात्र

स्लोवाकिया से भारतीय छात्र स्वदेश आने के लिए तैयार हैं। एक छात्र ने कहा, 'यह जानकर खुशी हो रही है कि हम घर लौट रहे हैं। दूतावास ने हमारी काफी मदद की है। उसने हमारे लिए रहने एवं खाने की व्यवस्था की।'
 

MAR 04, 2022 10:32 IST

कीव के ऑयल डिपो में लगी भीषण आग, भारी तबाही

रूस के हमले में कीव के ऑयल डिपो में भीषण आग लगी है। हमले में ऑयल डिपो तबाह हो गया है। दमकल कर्मी आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।
MAR 04, 2022 10:09 IST

यूक्रेन को भारत भेज रहा मानवीय मदद

हिंडन एयरबेस से आज सुबह चार बजे के करीब वायु सेना का एक विमान रोमानिया के लिए रवाना हुआ। वह अपने साथ करीब छह टन मानवीय मदद लेकर गया है। यूक्रेन के लिए भारत से दवाएं, टेंट, पानी एवं अन्य सामग्रियां भेजी जा रही हैं। 

MAR 04, 2022 09:57 IST

कीव में भारतीय छात्र को गोली लगी

केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा है कि राजधानी कीव में एक भारतीय छात्र को गोली लगी है। सिंह, इस समय युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए उसके पड़ोसी देश पोलैंड में हैं। मंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘आज, हमें पता चला है कि कीव छोड़कर जा रहे एक छात्र को गोली लग गई है। उसे वापस कीव ले जाया गया है। युद्ध में ऐसा होता है।’ गौरतलब है कि एक मार्च को यूक्रेन के खारकीव में गोली लगने से कर्नाटक के छात्र नवीन एसजी की मौत हो गई थी। वह घटना के वक्त अपने और साथी छात्रों के लिये भोजन लेने बाहर निकला था। सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रही है कि कम से कम नुकसान के साथ अधिक से अधिक छात्र यूक्रेन से बाहर आ सकें। भारत, रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से युद्धग्रस्त देश में फंसे अपने नागरिकों को रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के रास्ते स्वदेश ला रहा है।

MAR 04, 2022 09:55 IST

परमाणु ऊर्जा संयंत्र में कोई विकिरण परिवर्तन नहीं : आईएईए

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) का कहना है कि यूक्रेन में रूसी सेना के हमले का शिकार हुए परमाणु ऊर्जा संयंत्र में विकिरण के स्तर में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। आईएईए ने यूक्रेन के परमाणु ऊर्जा नियामक के हवाले से ट्वीट कर शुक्रवार को यह जानकारी दी। आईएईए ने टि्वटर पर कहा कि उसके महानिदेशक मारियानो ग्रॉसी जपोरिजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र की मौजूदा स्थिति को लेकर यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस श्मीगल और यूक्रेनी परमाणु ऊर्जा नियामक और संचालक के लगातार संपर्क में बने हुए हैं।
 

MAR 04, 2022 09:04 IST

यूक्रेन से आए 630 भारतीय नागरिक

वायु सेना के तीन सी-17 विमान शुक्रवार तड़के हिंडन एयरबेस पर उतरे। वायु सेना का कहना है कि ये विमान रोमानिया एवं हंगरी से छात्रों को लेकर आए हैं।  इन विमानों में 630 छात्र एवं नागरिक आए हैं।

MAR 04, 2022 08:43 IST

धमाका हुआ तो चेर्नोबिल से 10 गुना ज्यादा बड़ी होगी तबाही

यूक्रेन के विदेश मंत्री दमित्रो कुलेबा का कहना है कि रूस की सेना यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट जपोरिजिया पर चारो तरफ से गोलीबारी कर रही है। गोलीबारी की वजह से इस पावर प्लांट में आग लग गई है। न्यूक्लियर पावर प्लांट में यदि धमाका होता है तो यह चेर्नोबिल हादसे से 10 गुना ज्यादा बड़ा होगा।
MAR 04, 2022 08:43 IST

रूस के हमले के बाद जपोरिजिया न्यूक्लियर प्लांट में आग

रूसी सैनिकों ने यूक्रेन में यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा केंद्र पर गोलाबारी शुरू कर दी है। नीपर नदी पर स्थित एनरहोदर में लड़ाई तेज होने के बाद जपोरिजिया न्यूक्लियर प्लांट को निशाना बनाया गया। एनरहोदर के मेयर ने कहा कि यूक्रेन की सेना शहर के बाहरी इलाके में रूसी सैनिकों से जूझ रही है। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक जपोरिजिया परमाणु संयंत्र की साइट के पास विकिरण के ऊंचे स्तर का पता चला है। इस प्लांट का यूक्रेन की बिजली उत्पादन में लगभग 25% योगदान है।

रूसी हमले में जपोरिजिया परमाणु प्लांट बना निशाना, रेडिएशन का खतरा बढ़ा !

MAR 04, 2022 08:42 IST

सुरक्षित गलियारा बनाएंगे रूस और यूक्रेन

यूक्रेन और रूस युद्धग्रस्त क्षेत्रों में फंसे नागरिकों को निकालने के लिए सुरक्षित गलियारा बनाने के लिए तैयार हो गए हैं। दोनों देशों ने यह फैसला मानवीय आधार पर लिया है। लड़ाई वाले इलाकों में फंसे लोगों को इस गलियारे से निकाला जाएगा। यह फैसला गुरुवार यूक्रेन और रूस के बीच हुई वार्ताकारों की बैठक में हुआ। हालांकि, इस बैठक में युद्धविराम अथवा अन्य मुद्दों पर कोई सहमति नहीं बन पाई। रूस और यूक्रेन दोनों ने तीसरी दौर की बातचीत करने का फैसला किया है।