Britain PM Race : PM पद की रेस से बाहर हुए साजिद जाविद, पहले राउंड में ऋषि सुनक सहित 8 उम्मीदवार    

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 13, 2022, 07:54 AM IST

Britain PM Race : नए कंजरवेटिव नेता की नियुक्ति दो स्तर के चुनाव से  होगा। कंजरवेटिव पार्टी के 358 नेता वोटिंग करते हुए मुकाबला दो उम्मीदवारों के बीच समेटेंगे। बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद नए पीएम के लिए चुनाव हो रहा है।

Britain PM Race : PM पद की रेस से बाहर हुए साजिद जाविद, पहले राउंड में ऋषि सुनक सहित 8 उम्मीदवार    
Photo Credit: AP

लंदन : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की रेस में आठ उम्मीदवार सामने आ गए हैं जबकि परिवहन मंत्री ग्रांट सैप्स, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद और विदेश विभाग के मंत्री रहमान चिश्ती ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है। ये सभी उम्मीदवार अब पहले राउंड की वोटिंग का सामना करेंगे। कंजरवेटिव पार्टी के ये सभी उम्मीदवार संसद में कम के कम 20 सदस्यों का समर्थन पाने में सफल हुए हैं। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि टोरी पार्टी लीडर के नेता पद के लिए उम्मीदवारों के रजिस्ट्रेशन का काम पूरा हो गया है। 

11 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था
कंजरवेटिव पार्टी का अगला नेता बनने के लिए शुरुआत में 11 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इनमें व्यापार मंत्री पेन्नी मोरडोंड, विदेश मंत्री लिज ट्रुस, पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद सहित अन्य लोग शामिल हैं। हालांकि, इनमें से तीन परिवहन मंत्री ग्रैंट, साजिद और कंजरवेटिव पार्टी के पूर्व डिप्टी चेयरमैन रहमान चिश्ती पीएम पद की रेस से हट गए हैं। 

पहले चरण में 8 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला
पीएम पद के चुनाव के इस पहले चरण में पूर्व वित्त मंत्री सुनक, विदेश मंत्री लिज, वित्त मंत्री नादिम जाहवी, पूर्व विदेश मंत्री जेरेमी हंट, पेन्नी, हाउस ऑफ कॉमन्स कमेटी के चेयरमैन टॉम ट्यूगेनधात, इंग्लैंड एवं वेल्स के एटार्नी जनरल सुएला ब्रेवरमैन और पूर्व मंत्री केमी बैडनोक के बीच मुकाबला होगा। पहले राउंड की वोटिंग में इन उम्मीदवारों को 30 सांसदों का समर्थन हासिल करना होगा। ऐसा नहीं होने पर वे अगले दौर की वोटिंग से बाहर हो जाएंगे।

Britain New PM: ब्रिटेन के नए पीएम पद की रेस में भारतीय मूल के ऋषि सुनक सबसे आगे


भारतीय मूल के सुनक की स्थिति मजबूत
नए कंजरवेटिव नेता की नियुक्ति दो स्तर के चुनाव से  होगा। कंजरवेटिव पार्टी के 358 नेता वोटिंग करते हुए मुकाबला दो उम्मीदवारों के बीच समेटेंगे। पहले राउंड में शामिल ज्यादातर उम्मीदवारों ने कॉरपोरेशन टैक्स से लेकर इनकम टैक्स सहित अन्य करों में कटौती करने का वादा किया है। पीएम पद के इन उम्मीदवारों में भारतीय मूल के सुनक की स्थिति ज्यादा मजबूत मानी जा रही है। अपने सोशल मीडिया अभियान 'रेडी 4 ऋषि' के उद्धाटन वीडियो में सुनक ने कहा, 'मैंने सबसे कठिन समय में, जब हम कोविड-19 के प्रकोप से जूझ रहे थे, सरकार में सबसे कठिन विभाग का संचालन किया।'

End of Article