Pakistan: पाकिस्तान के पेशावर में 2 सिखों की हत्या, 8 महीने में दूसरी बार हुआ ऐसा हमला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 15, 2022, 03:19 PM IST

Peshawar: पाकिस्तान के पेशावर के सरबंद इलाके में अज्ञात हमलावरों ने सिख समुदाय के दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी है।

Pakistan: पाकिस्तान के पेशावर में 2 सिखों की हत्या, 8 महीने में दूसरी बार हुआ ऐसा हमला

पाकिस्तान के पेशावर में दो सिखों की हत्या की गई है। पीड़ितों की पहचान कुलजीत सिंह और रणजीत सिंह के रूप में हुई है। पेशावर में पिछले आठ महीने में सिख समुदाय पर इस तरह का यह दूसरा हमला है। सितंबर 2021 में एक सिख हकीम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, उस हमले की जिम्मेदारी ISIS की एक शाखा ISKP ने ली थी।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री महमूद खान ने घटना का संज्ञान लिया है और पुलिस महानिरीक्षक को हत्या में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सीएम खान ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय और दुखद है और इस जघन्य हत्या में शामिल तत्व कानून के शिकंजे से नहीं बच सकते। उन्होंने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का संकल्प लिया।

सीएम के मुताबिक यह घटना शहर में शांतिपूर्ण माहौल और अंतर्धार्मिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश है। उनका कहना है कि प्रांतीय सरकार ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी। 

2020 में भी पेशावर में अज्ञात बंदूकधारियों ने सिख समुदाय के एक 25 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। 2018 में पेशावर में सिख समुदाय के जाने माने सदस्य चरणजीत सिंह की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। इसी तरह, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ नेशनल असेंबली के सदस्य सोरेन सिंह की 2016 में पेशावर में हत्या कर दी गई थी। 

पेशावर में लगभग 15,000 सिख रहते हैं, ज्यादातर प्रांतीय राजधानी के पड़ोस जोगन शाह में हैं। पेशावर में सिख समुदाय के अधिकतर सदस्य व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि कुछ फार्मेसी भी चलाते हैं।

End of Article