दुनिया

यात्रियों के लिए राहत... वेस्ट एशिया के लिए आज एयर इंडिया की 30 उड़ानें, फ्री री-बुकिंग और रिफंड की सुविधा

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सोमवार 23 मार्च को पश्चिम एशिया के लिए 30 फ्लाइट्स चलाने का फैसला लिया है, जबकि कुछ रूट्स पर सेवाएं अभी भी सीमित रहेंगी। इस दौरान जेद्दाह, मस्कट और रियाद के लिए नियमित उड़ानें जारी रहेंगी। प्रभावित यात्रियों को फ्री री-बुकिंग और रिफंड का ऑप्शन भी दिया गया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

पश्चिम एशिया के लिए उड़ान सेवाओं को लेकर एयर इंडिया ने बड़ा अपडेट जारी किया है। एयरलाइन के अनुसार, आज यानी 23 मार्च को एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस कुल 30 उड़ानें संचालित करेंगी। इनमें नियमित (शेड्यूल्ड) और अतिरिक्त (नॉन-शेड्यूल्ड) दोनों फ्लाइट्स शामिल हैं। हालांकि कई रूट्स पर अभी भी उड़ान सेवाएं पूरी तरह से सामान्य नहीं हुई हैं। एयरलाइन ने यात्रियों की सुविधा के लिए री-बुकिंग और रिफंड जैसे विकल्प भी दिए हैं।

जेद्दाह-मस्कट के लिए उड़ानें जारी

एयरलाइन ने बताया कि जेद्दाह के लिए फ्लाइट्स पहले की तरह जारी रहेंगी। जिसमें भारत और सऊदी अरब के इस शहर के बीच कुल 10 उड़ानें शामिल हैं। एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से एक-एक रिटर्न फ्लाइट संचालित करेगी। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट बेंगलुरु, कोझिकोड और मंगलुरु से चलेंगी।

एयर इंडिया एक्सप्रेस की मस्कट के लिए चार उड़ानें दिल्ली और मुंबई से संचालित की जाएंगी। वहीं रियाद के लिए भी बेंगलुरु और कोझिकोड से चार फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी। एयरलाइन ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और सऊदी अरब के लिए 12 नॉन-शेड्यूल फ्लाइट्स भी चलाई जाएंगी। ये फ्लाइट्स स्लॉट की उपलब्धता और परिचालन स्थितियों पर निर्भर करेंगी।

UAE और सऊदी के लिए भारत से विशेष उड़ानें

यूएई में दुबई, अबू धाबी और शारजाह के लिए स्पेशल उड़ानें रहेंगी। दिल्ली से दुबई के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट उड़ान भरेगी। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली और मुंबई से अबू धाबी और मंगलुरु से शारजाह के लिए हवाई सेवाएं देगी। हालांकि, कुछ जगहों के लिए अभी कोई उड़ान सेवा नहीं होगी। जिनमें रास अल खैमाह, अल ऐन, सलालाह, दम्मम, बहरीन, दोहा, कुवैत और तेल अवीव जैसे शहर शामिल हैं।

फ्लाइट कैंसिलेशन के बीच एयरलाइन ने दी राहत

एयरलाइन ने यात्रियों के लिए कुछ सुविधाएं भी दी हैं। जिसके तहत जिन यात्रियों की फ्लाइट कैंसिल या प्रभावित हुई है, उन्हें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के टिकट री-बुक करने या पूरे रिफंड का विकल्प दिया गया है। इसके लिए यात्रियों को वेबसाइट या कस्टमर केयर से संपर्क करना होगा। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने खासतौर पर यूएई से यात्रा करने वाले लोगों के लिए व्हाट्सएप के जरिए री-बुकिंग की सुविधा भी दी है। एयरलाइन का कहना है कि वह जरूरत पड़ने पर और अतिरिक्त उड़ानें चलाने पर भी विचार कर रही है, ताकि यात्रियों को ज्यादा परेशानी न हो।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article