दुनिया

प्रिगोझिन के विद्रोह पर पुतिन का दावा-यूक्रेन एवं पश्चिमी देश चाहते थे कि रूसी एक दूसरे को मार दें

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jun 27, 2023, 06:52 AM IST

Vladimir Putin News : वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोजिन ने शनिवार को रोस्तोव शहर को अपने नियंत्रण में लेने के बाद अपने लड़ाकों के साथ मास्को की तरफ कूच किया। प्रिगोजिन के इस विद्रोह को देखते हुए मास्को सहित रूस के सभी प्रमुख शहरों में सेना बुला ली गई।

Image

गत शनिवार को रूस में हुआ असफल विद्रोह।

Photo : AP

Vladimir Putin News : रूस में प्राइवेट मिलिट्री कॉन्ट्रैक्टर (PMC) वैगनर ग्रुप की ओर से गत शनिवार को किए गए विद्रोह पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रतिक्रिया दी है। रिपोर्टों के मुताबिक रूसी राष्ट्रपति ने इस बगावत के पीछे पश्चिमी देशों एवं यूक्रेन का हाथ होने का आरोप लगाया है। अलजजीरा की रिपोर्ट के अनुसार पुतिन ने दावा किया कि पश्चिम एवं कीव चाहते थे कि रूसी 'एक दूसरे की हत्या' कर दें। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि रूस को 'ब्लैकमेल अथवा उनके देश में आंतरिक अस्थिरता पैदा' करने की कोई भी अगर साजिश हुई तो वह नाकाम कर दी जाएगी।

शनिवार को वैगनर ग्रुप के प्रिगोजिन ने की बगावत

बता दें कि वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने शनिवार को रोस्तोव शहर को अपने नियंत्रण में लेने के बाद अपने लड़ाकों के साथ मास्को की तरफ कूच किया। प्रिगोजिन के इस विद्रोह को देखते हुए मास्को सहित रूस के सभी प्रमुख शहरों में सेना बुला ली गई। पुतिन ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा कि युक्रेन युद्ध के संकट के समय रूस की पीठ में छुरा घोंपा गया है। यह अपने लोगों द्वारा किया गया है।

24 घंटे तक चला विद्रोह

इसी बीच यह भी खबर आई कि बेलारूस के राष्ट्रपति ने प्रिगोझिन के साथ बात की। इसके बाद प्रिगोझिन वापस बेलारूस लौटने के लिए तैयार हुआ। हालांकि, क्रेमलिन की तरफ से यह कहा गया कि उसके सभी लड़ाकों पर दर्ज केस वापस हो जाएंगे। जबकि प्रिगोझिन ने कहा कि उसके लड़ाके रूसी फौज के साथ यूक्रेन के मोर्चों पर लड़ते रहेंगे। वैगनर ग्रुप के चीफ की बगावत की यह पटकथा 24 घंटे के भीतर समाप्त हो गई लेकिन इस घटना ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया। इसे रूसी राष्ट्रपति पुतिन की कमजोरी से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देंगे-पुतिन

अलजजीरा के मुताबिक सोमवार को टेलिविजन पर देश के नाम अपने संबोधन में पुतिन ने कहा कि विद्रोह की बात जैसे ही सामने आई तो खून-खराबा रोकने के लिए उनके आदेश पर कदम उठाए जाने लगे। उन्होंने कहा, 'दरअसल, दुश्मन यही चाहते थे कि यहां एक रूसी दूसरे रूसी को मार दें। कीव के नए नाजी एवं उनके पश्चिमी साथी वे चाहते थे कि रूसी सैनिक एक-दूसरे को मार दें। लेकिन रूस को ब्लैकमेल करने या यहां आंतरिक रूप से अराजकता फैलाने की अगर कोई साजिश हुई तो उसे नाकाम कर दिया जाएगा।'

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article