दुनिया

आज नई सरकार के लिए मतदान करेंगे बांग्लादेश के लोग, जनमत संग्रह भी होगा,50 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्र ‘संवेदनशील'

बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए आधे से अधिक मतदान केंद्रों को 'संवेदनशील’ के रूप में चिह्नित किया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि इनमें से 90 प्रतिशत मतदान केंद्र सीसीटीवी निगरानी में होंगे और राजधानी ढाका में ’बॉडी कैमरे’ लगाए कई पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

bangladesh

बांग्लादेश में 12 फरवरी को आम चुनाव।

Photo : ANI

Bangladesh Election 2026: 12 फरवरी का दिन बांग्लादेश के लिए काफी बड़ा होने वाला है। इस दिन बांग्लदेश में आम चुनाव के लिए लोग मतदान तो करेंगे ही, साथ ही जुलाई नेशनल चार्टर पर वे जनमत संग्रह में भी भाग लेंगे। यानी बांग्लादेश के लोग दो बार मतदान करेंगे। बांग्लादेश में इन दोनों चुनावों की तैयारी पूरी हो गई है। चुनाव प्रक्रिया एवं मतदान पर नजर रखने के लिए दुनिया भर से कम से कम 394 अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक एवं 197 विदेशी पत्रकार ढाका पहुंच चुके है। प्रेस विंग के मुख्य सलाहकार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों में 80 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि हैं। इनमें से 240 पर्यवेक्षक यूरोपियन सहित द्विपक्षीय देशों से हैं। अन्य 51 अलग-अलग वैश्विक संस्थाओं से जुड़े हैं।

आधे से अधिक मतदान केंद्र 'संवेदनशील’

बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए आधे से अधिक मतदान केंद्रों को 'संवेदनशील’ के रूप में चिह्नित किया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि इनमें से 90 प्रतिशत मतदान केंद्र सीसीटीवी निगरानी में होंगे और राजधानी ढाका में ’बॉडी कैमरे’ लगाए कई पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग की सुरक्षा प्रणाली जोखिम मूल्यांकन पर आधारित है। निर्वाचन आयुक्त अबुल फजल मोहम्मद सनाउल्लाह ने मंगलवार देर रात संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'स्थानीय स्तर पर संवेदनशीलता के आकलन के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।’

'पहले की तुलना में हम अब बेहतर स्थिति में हैं’

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा कि इन चुनाव में देश के चुनावी इतिहास में कानून प्रवर्तन कर्मियों की अब तक की सबसे बड़ी तैनाती और प्रौद्योगिकी का सबसे व्यापक उपयोग देखने को मिलेगा। सनाउल्लाह ने कहा कि निर्वाचन आयोग को उम्मीद है कि कानून प्रवर्तन एजेंसी मतदान के दौरान और चुनाव के बाद मतदाताओं के लिए शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति से काफी हद तक संतुष्ट है और 'पहले की तुलना में हम अब बेहतर स्थिति में हैं’।

2,131 मतदान केंद्रों में से 1,614 जोखिम वाले

उनकी यह टिप्पणी पुलिस महानिरीक्षक बहारुल आलम के उस बयान के कुछ देर बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि देश भर में लगभग 43,000 मतदान केंद्रों में से 24,000 मतदान केंद्र 'उच्च’ या 'मध्यम’जोखिम वाले मतदान केंद्र पाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि उन्होंने निर्वाचन आयोग को संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची सौंपी है, जिससे पता चलता है कि ढाका के 2,131 मतदान केंद्रों में से 1,614 जोखिम वाले हैं। हालांकि, सेना ने इससे पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि उन्होंने ढाका शहर में दो केंद्रों को 'संवेदनशील’ के रूप में चिह्नित किया है।

जनमत संग्रह के साथ-साथ आम चुनाव हो रहे

बांग्लादेश में एक जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ आम चुनाव हो रहे हैं। मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच है। मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग को पिछले साल भंग कर दिया था और पार्टी के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी। बांग्लादेश में बृहस्पतिवार को संसदीय चुनाव होंगे। यह अगस्त 2024 में देशव्यापी व्यापक विरोध प्रदर्शनों में प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद पहला आम चुनाव होगा।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article