गोवा के बागा बीच देश-विदेश के पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। हर साल लाखों लोग यहां समुद्र का खूबसूरत नजारा देखने और छुट्टियां बिताने आते हैं। लेकिन हाल ही में यहां हुई एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। जिसका वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
समुद्र किनारे की एक गलती पड़ गई भारी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि समुद्र किनारे चट्टान पर बैठा एक युवक अचानक आई तेज लहर की चपेट में आ जाता है। समुद्र में गिरने के बाद युवक कुछ समय तक बाहर निकलने की कोशिश करता रहा लेकिन उफनती लहरों ने उसे मौका नहीं दिया। देखते ही देखते वह लोगों की नजरों से ओझल हो गया और समन्दर की गोद में समा गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
उफनते समंदर ने ली जान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाला युवक 33 साल का था और वह कर्नाटक के बीजापुर का रहने वाला था। वह अपने परिवार और दोस्तों के साथ गोवा घूमने आया था। यात्रा के दौरान वह बागा बीच पहुंचा और समुद्र का नजारा देखने के लिए किनारे मौजूद एक चट्टान पर बैठ गया। उस समय समुद्र में लहरें काफी ऊंची उठ रही थीं। मानसून के कारण समुद्र पहले से ही उफान पर था। हालांकि शुरुआत में सब कुछ ठीक लग रहा था, लेकिन अचानक एक बहुत बड़ी और शक्तिशाली लहर आई और युवक को अपनी चपेट में ले लिया।
युवक को लहरों ने निगल लिया
घटना पर मौजूद लोगों ने बताया कि लहरें इतनी तेज थीं कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ ही सेकंड में वह चट्टान से फिसलकर समुद्र में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन समुद्र की तेज लहरों ने उसे अपने अंदर समा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंची और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन खराब मौसम और तेज लहरों के कारण राहत कार्य काफी मुश्किल हो गया। काफी देर के बाद युवक का शव समुद्र तट के पास बरामद किया गया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
