Ajab Gajab News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक परिवार का पालतू तोता खेलते-खेलते न जाने कहां गायब हो गया। जिसे खोजते-खोजते परिवार परेशान हो गया है। इस तोते का नाम 'किट्टू' बताया जा रहा है। तोतो को परिवार वाले काफी दिनों से खोज रहे हैं, लेकिन तोते का कोई पता नहीं चल पा रहा है। अब परिवार ने तोते को खोजने के लिए अनोखी तरकीब अपनाई है। दरअसल, परिवार ने तोते को ढूंढने वाले के लिए 5000 रुपये के ईनाम की घोषणा की है।
खेलते-खेलते अचानक गायब हो गया तोता
मेरठ के शाहपीर गेट इलाके में अरशद नाम के शख्स का परिवार रहता है। परिवार ने एक तोता पाला था, जिसका नाम 'किट्टू' था। 27 सितंबर को अचानक किट्टू खेलते-खेलते लापता हो गया। 3 साल की उम्र वाले किट्टू के खो जाने से परिवार परेशान हो गया। अरशद के अनुसार, किट्टू उनके ही साथ खेल रहा था। इसके बाद अचानक वह उड़ गया और फिर वापस नहीं लौटा। तोते के गायब हो जाने के बाद परिवार के सदस्य काफी परेशान हैं।
3 साल पहले आंगन में उड़कर आया था तोता
अरशद ने बताया कि तोते के लापता होने के बाद उनके घर के बच्चे काफी दुखी हो गए हैं। 3 साल पहले उनके आंगन में यह तोता आकर बैठा था, जो उड़ नहीं पा रहा था। इसके बाद घर के लोगों ने तोते की देखभाल की और उसे पाल लिया। इसके बाद किट्टू परिवार का सदस्य बन गया था। तोता पूरे परिवार के साथ ही खाना खाता था। वह कभी भी पिंजरे में बंद नहीं किया गया। यहां तक कि परिवार के सदस्यों के साथ तोता सैर-सपाटे के लिए भी जाता था। हालांकि, अब जब तोता खो गया है तो अरशद ने किट्टू को खोजकर लाने वाले को 5000 रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
