उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से मारपीट की एक घटना सामने आई है, जहां मंदिर के चढ़ावे को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने लगे। इस पूरी घटना का वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंदिर परिसर में लड़ते लोग (TimesNow Navbharat)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
किस वजह से हुई मारपीट
यह मामला मदनपुर थाना क्षेत्र के महेन गांव स्थित प्राचीन बाबा महेंद्रनाथ मंदिर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मंदिर में चढ़ावे की रकम को लेकर प्रबंधन से जुड़े दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई थी लेकिन देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।मारपीट का वीडियो हुआ वायरल
वायरल वीडियो (Viral Video) में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पर लाठियों से हमला कर रहे हैं। जिसके हाथ जो लगा वह उसी चीज से एक-दूसरे को मार रहा है। कोई झाड़ू चला रहा है तो कोई लाठी-डंडा, न कोई उम्र देख रहा है और ना ही कोई यह देख रहा कि मार किसको पड़ रही है। जो लपेटे में आ गया उसे धोकर रख दिया। इस दौरान मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। वहीं, कुछ लोग इस मारपीट का वीडियो अपने कैमरे में रिकॉर्ड करते रहे। फिलहाल यह वीडियो धड़ल्ले से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इस घटना के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
