भारतीय रेल सोशल मीडिया पर अक्सर चर्चा में रहता है। आए दिन सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो (Video) वायरल होते रहते हैं। जो भारतीय रेलवे को सुर्खियों में ला देते हैं। जहां कभी यह अपनी बदहाली के लिए चर्चा में रहता है तो कभी अपनी साफ-सुथरी और अद्भुत छवि के लिए। हाल में एक ऐसा वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जो लोगों के सामने अपनी एक सकारात्मक तस्वीर रख रहा है। इस वायरल वीडियो को देखने के बाद आपको इस बात पर यकीन हो जाएगा कि रेलवे ना सिर्फ यात्रा का साधन है, बल्कि वह जरूरत पड़ने पर लोगों का सहारा भी बन सकता है।
बच्चे की खराब तबीयत की सूचना पाकर ट्रेन में पहुंची रेलवे की टीम (X/@drmdnr)
सफर के दौरान ट्रेन में बच्चे की तबीयत हो गई खराब
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल साइट एक्स पर @drmdnr नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसके कैप्शन में यह बताया गया है कि ट्रेन नंबर 13246 में एक परिवार सफर कर रहा था और उनके साथ एक 6 महीने का मासूम बच्चा भी था। सफर के दौरान बच्चा अचानक बीमार पड़ गया। जिसे देख उसके माता-पिता घबरा गए। चूंकि ट्रेन में जल्दी इलाज की कोई सुविधा नहीं मिलती इसलिए उनकी चिंता बढ़ती जा रही थी।
ये भी पढ़ें:
TTE ने मुश्किल हालात को कुछ ऐसे संभाला
ऐसे मुश्किल समय में ट्रेन में मौजूद टीटीई धर्मवीर यादव ने तुरंत मामले की गंभीरता को समझते हुए स्थिति को संभाला। उन्होंने बच्चे के इलाज के लिए तुरंत दानापुर कमर्शियल कंट्रोल को सूचना दी और अगले स्टेशन मोकामा पर मेडिकल सहायता का इंतजाम कराया। जैसे ही ट्रेन मोकामा स्टेशन पर पहुंची, वैसे ही रेलवे की मेडिकल टीम पहले से ही तैयार खड़ी थी। स्टेशन पहुंचते ही मेडिकल टीम ने बच्चे की जरूरी इलाज शुरू की और देखते ही देखते स्थिति संभल गई।
बच्चे के माता-पिता ने TTE और रेलवे का किया धन्यवाद
बच्चे की हालत में सुधार नजर आने लगा। जब बच्चा ठीक होने लगा तब उसके माता-पिता ने चैन की सांस ली। बच्चे की सलाती को देख उनके चेहरे पर खुशी के भाव साफतौर पर देखे जा सकते थे। उन्होंने इस काम के लिए रेलवे की मेडिकल टीम और टीटीई धर्मवीर यादव को धन्यवाद कहा।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
