वायरल न्यूज़

Real Life Aquaman: शख्स ने पानी में 29 मिनट तक सांस रोककर बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड

एक शख्स ने हाल ही में पानी के अंदर 29 मिनट तक अपनी सांसों को रोक कर नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। यह रिकॉर्ड पिछले रिकॉर्ड से 5 मिनट ज्यादा है।

Image

इस शख्स ने पानी में 29 मिनट तक रोकी अपनी सांसें (Instagram/@maverick2go)

इंसान के जिंदा रहने के लिए हवा और पानी दोनों बहुत जरूरी हैं। बिना पानी के तो इंसान कुछ घंटों तक रह भी सकता है, लेकिन बिना हवा के वह चंद मिनट भी नहीं रह पाएगा। फिर भी, इस दुनिया में कुछ लोग ऐसे हैं जो अपनी सांसों को 1-2 मिनट नहीं बल्कि करीब आधे घंटे तक रोक सकते हैं। ऐसे लोग अपनी इस असाधारण प्रतिभा से दुनिया को हैरान करके रख देते हैं।

क्रोएशिया के फ्रीडाइवर ने कर दिया नामुमकिन को मुमकिन

हाल में कुछ ऐसा ही कर दिखाया क्रोएशिया के फ्रीडाइवर विटोमिर मारिचिक ने। दरअसल, उन्होंने पानी के अंदर 29 मिनट और 3 सेकंड तक सांस रोककर नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। पहले यह वर्ल्ड रिकॉर्ड क्रोएशिया के ही बुदीमीर सोबत के नाम था, जिन्होंने 2021 में पानी के अंदर 24 मिनट तक अपनी सांस रोककर बनाया था। लेकिन विटोमिर मारिचिक ने बुदीमीर सोबत से भी 5 मिनट ज्यादा देर तक सांस रोककर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। उनका यह रिकॉर्ड गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है।

अपनी सांस रोकना क्यों है मुश्किल?

बता दें कि विटोमिर जैसे फ्रीडाइवर्स इस तरह के रिकॉर्ड के लिए डायाफ्रामिक ब्रीदिंग (पेट से सांस लेने की तकनीक), कार्डियो और मेडिटेशन का सहारा लेते हैं। हालांकि पानी में लंबे समय तक सांस रोकना बिल्कुल आसान नहीं है क्योंकि जब आप सांस नहीं लेते, तो खून में ऑक्सीजन की मात्रा कम होने लगती है और कार्बन डाइऑक्साइड बढ़ने लगता है। इससे डायाफ्राम (सांस लेने वाली मुख्य मांसपेशी) सिकुड़ने लगता है, जो आपको सांस लेने के लिए मजबूर करता है। पानी के अंदर यह स्थिति बेहद ही खतरनाक हो जाती है। ऐसे में विटोमिर जैसे फ्रीडाइवर्स इसके लिए खास ट्रेनिंग लेते हैं ताकि वे पानी के अंदर अपनी सांस को ज्यादा देर तक रोक सकें।

कैसे किया यह कारनामा?

आपको यह जानकर हैरानी होगी कि मारिचिक ऐसे सामान्य तौर पर 8 से 10 मिनट तक अपनी सांस रोक सकते हैं, लेकिन इस रिकॉर्ड के लिए उन्होंने पानी में जाने से पहले 10 मिनट तक खास तरीके से सांस ली, जिससे उनके खून में ऑक्सीजन का स्तर 5 गुना बढ़ गया और इसी वजह से वे इतने लंबे समय तक पानी के अंदर रह पाए।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article