सोशल मीडिया (Social Media) पर एक वीडियो (Video) इस वक्त खूब वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक शख्स सड़क पर लोट-लोटकर रो रहा है। बीच सड़क पर शख्स के इस तरह से रोते हुए देख वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई है और ट्रैफिक जाम की भी स्थिति बन गई है। वीडियो में शख्स को रोते हुए यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, "मेरा 14000 का चालान कर दिया गया है।" वीडियो में आप देख सकते हैं कि सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा कर रहे शख्स को मनाने के लिए राहगीर पूरी कोशिश कर रहे हैं।
चालान के विरोध में सड़क पर लेट गया ई-रिक्शा चालक (Times Now Navbharat)
ई-रिक्शे वाले का कटा 14000 रुपए का चालान
जानकारी के मुताबिक, वायरल हो रहा यह वीडियो (Viral Video) औरैया जिले के दिबियापुर का बताया जा रहा है। जहां शुक्रवार दोपहर एक ई-रिक्शा चालक उस समय सड़क पर लोट-लोटकर रोने लगा, जब उसे यह पचा चला कि उसके ई-रिक्शे का 14 हजार रुपये का चालान हो गया है। इतनी बड़ी रकम का चालान होने से ई-रिक्शा चालक परेशान हो गया और उसने चौराहे पर ही सड़क पर लोट-लोटकर विरोध करना शुरू कर दिया। चालक के सड़क पर लेटने के कारण फफूंद चौराहे पर वाहनों की आवाजाही रुक गई और जाम की स्थिति बन गई। चौराहे पर धीरे-धीरे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
ई-रिक्शा चालक सड़क पर लेटकर करने लगा चालान का विरोध
जानकारी के अनुसार, थाने के पीछे रहने वाला ई-रिक्शा चालक अंकित शुक्रवार दोपहर अपनी पत्नी की दवा लेने के लिए निकला था। वह ई-रिक्शा लेकर फफूंद चौराहे के पास पहुंचा था। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस ने उसके ई-रिक्शा का 14 हजार रुपये का चालान कर दिया। कुछ देर बाद अंकित के मोबाइल पर चालान का मैसेज आया। जब उसने चालान की रकम देखी तो वह वापस फफूंद चौराहे पर पहुंच गया। उसने कार्रवाई का विरोध किया और अपनी परेशानी बताते हुए सड़क पर लेट गया। इसके बाद चौराहे पर यातायात प्रभावित हो गया।
चालान की रकम देखते ही उड़ गए चालक के होश
अंकित का कहना था कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। ऐसे में 14 हजार रुपये का चालान उसके लिए बहुत बड़ी रकम है। उसका कहना था कि इतनी बड़ी राशि का भुगतान करना उसके लिए मुश्किल होगा। इसी परेशानी के चलते उसने सड़क पर लेटकर अपना विरोध जताया। चालक के इस प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल भी उठाए। वहीं, वाहनों की आवाजाही रुकने से चौराहे पर जाम बढ़ता चला गया।
काफी समझाने-बुझाने पर माना ई-रिक्शा चालक
घटना की सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद थाना प्रभारी सत्यप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक से बातचीत की और उसे समझाने की कोशिश की। काफी समझाने के बाद चालक सड़क से उठा। इस दौरान उसकी पत्नी मीना भी मौके पर मौजूद थी। थाना प्रभारी ने बताया कि ई-रिक्शा का चालान किस ट्रैफिक सिपाही ने किया है, इसकी जांच कराई जाएगी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद चालक सड़क से हट गया और जाम खुलवाया गया।
