Astuti Anand Success Story: सोशल मीडिया पर इन दिनों 24 साल की एक लड़की ने तहलका मचाया हुआ है। बिहार के समस्तीपुर जिले की रहने वाली यह लड़की बिहारी टोन में सास-बहु, शादी में गुस्साई बुआ, मुहल्ले की आंटी जैसे दर्जनों फनी किरदार में वीडियो बनाती है। इस लड़की के वीडियो तेजी से वायरल होते हैं। देखते ही देखते यह लड़की सोशल मीडिया स्टार बन चुकी है। लड़की के वीडियो ऐसे होते हैं, जिससे लोग खुद को जोड़कर देखने लगते हैं। सोशल मीडिया पर तहलका मचा रही इस लड़की का नाम अस्तुति आनंद है।
बिहारी अंदाज में छाईं अस्तुति आनंद
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अस्तुति आनंद नाम की इस लड़की ने दो बार मेडिकल का एग्जाम दिया था। हालांकि, वह परीक्षा पास नहीं कर सकी। इसके बाद अस्तुति ने पढ़ाई छोड़कर पूरी तरह फनी कंटेंट बनाने की सोची। अब वह हर दिन ऐसे कंटेंट अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करती है। जिसे देखकर लोगों का दिल खुश हो जाता है। वीडियो में अस्तुति का ठेठ अंदाज और बिहारी टोन यूजर्स को काफी पसंद आता है। उनकी मिमिक्री लोगों को हंसने पर मजबूर कर देती है।
मेडिकल एग्जाम में दो बार हुईं फेल
अस्तुति बताती हैं कि उनके वह साइंस में एवरेज स्टूडेंट हैं। हालांकि, बचपन से ही मिमिक्री करती थीं। वह बचपन से ही अपने आस-पास के लोगों का नकल उतारती थीं। जब उनकी मम्मी मुहल्ले की आंटियों से बातें करती थीं, तो वह उनका नकल उतारती थी। इसके अलावा वह जब कहीं शादियों में जाती थीं तो वहां आई महिलाओं को बात करते हुए उनका चेहरा और बॉडी लैंग्वेज देखती थीं। इसके बाद वह घर आकर उन महिलाओं का नकल उतारती थीं। उनकी मिमिक्री देखकर लोग खुश हो जाते थे। यहीं से उन्हें फनी कंटेंट बनाने की प्रेरणा मिली।
कोविड के दौरान शुरू किया वीडियो बनाना
अस्तुति ने कोविड के दौर में फनी वीडियो बनाना शुरू किया। हालांकि, शुरुआत में उनका वीडियो इतना वायरल नहीं हुआ तो उन्होंने फोन से इंस्टाग्राम डिलीट कर दिया था। जब दोबारा इंस्टाग्राम इंस्टॉल किया तो उनका वीडियो वायरल हो चुका था। अब अस्तुति के इंस्टाग्राम पर 14 लाख फॉलोअर्स हैं। उनके हर वीडियो को लाखों लोग देखते और शेयर करते हैं। फिलहाल अस्तुति इंटरनेट पर गर्दा मचा रही हैं।
