गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में तरबूज और खरबूज की मांग तेजी से बढ़ जाती है। दोनों ही फल शरीर को ठंडक पहुंचाने और पानी की कमी दूर करने में मदद करते है, हालांकि कई लोग इन्हें एक जैसा मान लेते हैं, लेकिन स्वाद, पोषण और गुणों के मामले में दोनों में काफी अंतर होता है। आइए जानते हैं कि तरबूज और खरबूज एक-दूसरे से कितने अलग हैं।
स्वाद और बनावट में अंतर
तरबूज का स्वाद हल्का मीठा और बेहद रसदार होता है। इसके अंदर लाल रंग का गूदा और काले बीज पाए जाते हैं। वहीं खरबूज का गूदा पीले या हल्के नारंगी रंग का होता है और इसका स्वाद ज्यादा मीठा माना जाता है। खरबूज की खुशबू भी काफी तेज और आकर्षक होती है, जबकि तरबूज में ऐसी सुगंध कम होती है।
पोषण के मामले में कौन बेहतर?
तरबूज में पानी की मात्रा लगभग 90 प्रतिशत तक होती है, इसलिए यह शरीर को हाइड्रेट रखने में बेहद मददगार माना जाता है। इसमें विटामिन-ए, विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। दूसरी ओर खरबूज में फाइबर, पोटैशियम और प्राकृतिक शुगर अधिक होती है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में सहायक मानी जाती है।

तरबूज और खरबूज में अंतर
सेहत पर अलग-अलग फायदे
जानकारों के अनुसार तरबूज शरीर को तुरंत ऊर्जा देने और गर्मी से राहत दिलाने में कारगर है। यह वजन कम करने वालों के लिए भी अच्छा विकल्प माना जाता है। वहीं खरबूज आंखों और त्वचा के लिए लाभकारी माना जाता है। इसमें मौजूद फाइबर कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में मदद कर सकता है।
खरीदते समय रखें ध्यान
तरबूज खरीदते समय उसका बाहरी हिस्सा चमकदार और वजन में भारी होना चाहिए। वहीं खरबूज लेते समय उसकी खुशबू और हल्के नरम छिलके पर ध्यान देना जरूरी है। सही फल का चुनाव स्वाद के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद साबित होता है।
