यदि आपके पास भी पासपोर्ट है तो आपके लिए सरकार ने बड़ी चेतावनी जारी की है। पासपोर्ट ऑफिस कोलकाता ने आम जनता के लिए एक महत्वपूर्ण नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि भारतीय पासपोर्ट पर किसी भी प्रकार के स्टिकर, लेबल या प्रमोशनल सामग्री चिपकाना सख्त रूप से प्रतिबंधित है, खासकर राष्ट्रीय प्रतीक या सुरक्षा फीचर्स के ऊपर। यह सूचना विदेश मंत्रालय, भारत सरकार) के अंतर्गत जारी की गई है।
सुरक्षा और इमिग्रेशन में हो सकती है परेशानी
जारी नोटिस में कहा गया है कि पासपोर्ट पर किसी प्रकार की अतिरिक्त सामग्री चिपकाने से इमिग्रेशन क्लीयरेंस के दौरान समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसा करना पासपोर्ट के दुरुपयोग की श्रेणी में आ सकता है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस तरह की हरकतें पासपोर्ट की सुरक्षा विशेषताओं को प्रभावित कर सकती हैं, जिससे यात्रा के समय धारक को असुविधा झेलनी पड़ सकती है।
व्यावसायिक उपयोग भी है नियमों के खिलाफ
नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि भारतीय पासपोर्ट का किसी भी प्रकार के व्यावसायिक उद्देश्य के लिए उपयोग करना Passport Act, 1967 का उल्लंघन है। पासपोर्ट एक सरकारी दस्तावेज है और इसका उपयोग केवल वैध यात्रा और पहचान के उद्देश्य से ही किया जाना चाहिए।
आम नागरिकों से अपील
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, कोलकाता ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पासपोर्ट को किसी भी प्रकार से क्षतिग्रस्त या परिवर्तित न करें। पासपोर्ट की मूल संरचना और सुरक्षा चिह्नों को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
सरकार की इस चेतावनी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कानूनी या तकनीकी बाधा का सामना न करना पड़े। तो यदि आपके पास भी पासपोर्ट है तो आप भूलकर भी उसके ऊपर कोई स्टिकर ना चिपकाएं, वरना आपको विदेश में मुसीबत झेलनी पड़ सकती है।
