यूटिलिटी

बेटी के नाम SSY में शुरू करें निवेश, 8.2% ब्याज से जमा होगा 70 लाख का मोटा फंड; समझें पूरा कैलकुलेशन

Sukanya Samriddhi Yojana : भारत सरकार की ओर से देश के नागरिकों के लिए कई योजनाएं चलाई जाती हैं। इन्हीं योजनाओं में से एक सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) है। इस योजना का उद्देश्य बेटियों के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाना है। योजना के तहत माता-पिता कम निवेश में लंबे समय के लिए बचत कर सकते हैं और टैक्स छूट व गारंटीड रिटर्न जैसे कई लाभ पा सकते हैं।

SSY

सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) (Photo : iStock)

Sukanya Samriddhi Yojana : अगर आप एक बेटी के माता-पिता हैं तो आपको अपनी बेटी के उज्जवल भविष्य की भी चिंता होगी। हर माता-पिता चाहते हैं कि वे अपनी बेटी का भविष्य सुरक्षित बनाएं। आज का निवेश कल के बड़े फंड में बदलते देर नहीं लगती। आप अपनी बेटी के लिए भारत सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) को चुन सकते हैं। यह बेटी के नाम निवेश शुरू करने के लिए एक शानदार सरकारी योजना है, जिसमें उसके लिए कुछ ही वर्षों के निवेश से 70 लाख का मोटा फंड जुटा सकते हैं।

SSY में निवेश और ब्याज

सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) में सालाना 250 रुपए से निवेश शुरू कर सकते हैं और निवेश की अधिकतम सीमा 1.5 लाख रुपए है। सुकन्या समृद्धि अकाउंट 10 वर्ष से छोटी उम्र की बेटियों के नाम खुलवाया जा सकता है। इस योजना में दो बेटियों के नाम पर खाता खुलवाया जा सकता है। योजना में वर्तमान में 8.2 प्रतिशत सालाना चक्रवृद्धि ब्याज दिया जा रहा है। केंद्र की ओर से ब्याज की दर को हर तिमाही रिवाइज किया जाता है।

15 वर्षों का निवेश

बैंक अकाउंट किसी भी ऑथराइज्ड बैंक या पोस्ट ऑफिस में खुलवाया जा सकता है। यह अकाउंट खुलवाने की तारीख से 21 वर्ष में मैच्योर होता है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि योजना में जमा 15 वर्षों तक ही किया जा सकता है, जिसके बाद खाता पर ब्याज मैच्योरिटी तक लगातार मिलता रहता है। वहीं, अगर आपको अपनी बेटी के लिए उसकी पढ़ाई के खर्च के लिए पैसों की जरूरत महसूस हो तो आप सुकन्या समृद्धि अकाउंट से 50 प्रतिशत राशि बेटी के 18 वर्ष के होने या उसके 10वीं पास करने के बाद भी निकलवा सकते हैं। इसी तरह, बेटी के 18 वर्ष की होने पर उसकी शादी के खर्च के लिए भी आप अकाउंट से पूरी राशि निकलवा सकते हैं।

टैक्स-छूट का भी फायदा

सुकन्या समृद्धि योजना की ऑनलाइन सुविधा के तहत सालाना 1.5 लाख रुपए तक के जमा पर सेक्शन 80C के तहत टैक्स छूट मिलती है। इसके अलावा, योजना में अर्जित ब्याज और मैच्योरिटी राशि पूरी तरह टैक्स-फ्री होती है।

70 लाख रुपए का फंड

मान लीजिए कि आप अपनी 1 वर्ष की बेटी का सुकन्या समृद्धि खाता खुलवा रहे हैं और हर साल 1.5 लाख रुपए जमा कर रहे हैं। इस तरह, आपको 15 वर्षों तक समान रकम जमा करनी है। जिसके बाद 15 वर्षों में आपकी कुल जमा 22,50,000 रुपए हो जाएगी। ब्याज के रूप में आपको 46,77,578 रुपए दिए जाएंगे। यानी 21 वर्षों की मैच्योरिटी के बाद आपको कुल 69,27,578 रुपए दिए जाएंगे।

अकाउंट बंद कब होता है

बेटी के नाम यह खाता तब तक एक्टिव रहता है जब तक वह 21 वर्ष की न हो जाए। माता-पिता नकद, चेक या ऑनलाइन ट्रांसफर जैसी अलग-अलग तरीकों से जमा कर सकते हैं। सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) के खाते को एक्टिव बनाए रखने के लिए सालाना कम से कम एक जमा करना अनिवार्य की गई है। किसी स्थिति में अकाउंट होल्डर की अकस्मात मृत्यु हो जाती है तो यह अकाउंट समय से पहले बंद किया जा सकता है। वहीं, अकाउंट में जमा राशि माता-पिता निकाल सकते हैं।

शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article