SBI Amrit Kalash Yojana: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने वालों को जोरदार तोहफा दिया है। बैंक ने अपनी सबसे जबरदस्त ब्याज वाली फिक्स्ड डिपॉजिट में स्कीम में निवेश की डेडलाइन बढ़ा दी है। बैंक ने अपनी स्पेशल अमृत कलश योजना फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने का समय बढ़ा दिया है। अब लोग इस स्कीम में 30 सितंबर 2024 तक आसानी से निवेश कर सकेंगे। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया इस स्कीम में निवेश की राशि पर सात फीसदी से अधिक का ब्याज ऑफर करता है। अगर आप इन दिनों शॉर्ट टर्म के लिए निवेश का ऑप्शन तलाश रहे हैं, तो एसबीआई की अमृत कलश योजना में निवेश कर सकते हैं।
कैसे कर सकते हैं निवेश
एसबीआई की इस एफडी स्कीम में ऑनलाइन तरीके से भी निवेश किया जा सकता है। ऑनलाइन निवेश करने के लिए आप नेट बैंकिंग या एसबीआई योनो ऐप की मदद ले सकते हैं। बैंक इस स्कीम में आपको प्री-मैच्योर निकासी और लोन की सुविधा भी ऑफर कर रहा है। मतलब की निवेशक मैच्योरिटी से पहले भी एफडी से पैसे की निकासी कर सकते हैं।
कितना मिलता है रिटर्न
इस स्कीम में निवेश कर आप शानदार रिटर्न हासिल कर सकते हैं। SBI की वेबसाइट के अनुसार, 400 दिनों की फिक्स्ड डिपॉजिट पर बैंक रेगुलर ग्राहकों को 7.1 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों को निवेश पर 7.6 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा। यह स्कीम शॉर्ट टर्म निवेश के लिए बेहतरीन ऑप्शन है। आमतौर पर फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश को सुरक्षित माना जाता है। यह योजना नई और मौजूदा जमा के रिन्यू पर लागू है।
बैंक की एफडी स्कीम की अवधि
स्टेट बैंक 7 दिन से लेकर 10 साल तक की अवधि के लिए कई FD स्कीम ऑफर करता है और इन अवधि की एफडी पर बैंक 3 फीसदी से 7.50 फीसदी तक की दर से ब्याज ऑफर करता है।
सबसे बड़ा बैंक
भारतीय स्टेट बैंक संपत्ति, जमा, ब्रॉन्च, ग्राहकों और कर्मचारियों सहित विभिन्न मैट्रिक्स के आधार पर देश का सबसे बड़ा सरकारी कमर्शियल बैंक है। 125 मिलियन इंटरनेट बैंकिंग यूजर्स और 133 मिलियन मोबाइल बैंकिंग यूजर्स के साथ एसबीआई ने डिजिटल बैंकिंग में मजूबत कदम जमाया है। बैंक के डिजिटल प्लेटफॉर्म, YONO में 7.05 करोड़ से अधिक पंजीकृत यूजर्स हैं और FY24 की तीसरी तिमाही में 33.1 लाख नए यूजर्स जुड़े।
