One Nation One Gold Rate: देश के अलग-अलग राज्यों में सोने की कीमतें अलग-अलग होती हैं। राज्यों के टैक्स के अलावा कई अन्य चीजें भी गोल्ड के रेट में शामिल होती हैं। लेकिन अब जल्द ही देश में एक प्राइस पॉलिसी लागू हो सकती है। इस नीति के लागू होने के बाद पूरे देश में सोने का रेट एक बराबर हो जाएगा। मतलब यह कि आप सोना दिल्ली में खरीदें या देहरादून में सोना का रेट एक ही होगा। इस पॉलिसी को जेम एंड ज्वैलरी काउंसिल ने सहमति दे दी है और कहा जा रहा है कि देश के तमाम बड़े ज्वैलर्स भी इस पॉलिसी के लिए राजी हो गए हैं।
कब से लागू होगी पॉलिसी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल इस उद्योग से जुड़े अन्य हितधारकों से भी चर्चा की जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि सितंबर के महीने में इस पॉलिसी को लागू किया जाएगा। यह केंद्र सरकार की प्रस्तावित स्कीम है। इसका लक्ष्य पूरे देश में एक समान सोने की कीमतों को लागू करना है। इस पॉलिसी से देश के किसी भी कोने में सोने का भाव एक समान होगा। इसके लिए सरकार नेशनल बुलियन एक्सचेंज स्थापित करेगी। इस एक्सचेंज के जरिए गोल्ड की कीमतें तय की जाएंगी और फिर उसी रेट पर ज्वैलर्स गोल्ड की बिक्री कर पाएंगे।
कीमतों में क्यों है अंतर
लॉजिस्टिक लागतों में अंतर, अलग-अलग मांग और सप्लाई के कारण सोने की कीमतें हर राज्य में अलग-अलग होती हैं। इस वजह से मूल्य निर्धारण में असमानताएं पैदी होती हैं। एक एकीकृत मूल्य निर्धारण नीति इन सारे पहलुओं पर गौर करेगी और इन चुनौतियों को खत्म कर एक देश, एक रेट को सुनिश्चित करेगी। इससे गोल्ड की कीमतों में पारदर्शिता भी आएगी और सोना सस्ता भी हो सकता है। साथ ही मनमाने दाम वसूलने वालों पर लगाम भी लगेगी।
पूरे देश में एक ही रेट होने से गोल्ड का बाजार और भी बेहतर हो जाएगा। सोने का एक ही रेट होने से देश के सभी ग्राहकों को एक समान रेट पर खरीदारी कर सकेंगे।
